बीसलपुरः खामघाट माला नदी में मिला अधेड़ का शव! मृतक की पहचान बरखेड़ा क्षेत्र के नत्थू लाल के रूप में हुई
June 10, 2025
बीसलपुर। मंगलवार को खामघाट पुल के पास स्थित माला नदी में एक अधेड़ का शव बरामद किया गया। यह शव ब्रह्मदेव पर चल रहे मेले में आए एक व्यक्ति का था। शव देखे जाने की सूचना मिलते ही आस-पास हड़कंप मच गया। लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद दियोरियाकोतवाल दिगंबर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है।
मृतक की पहचान नत्थू लाल (50 वर्ष), पुत्र रोशनलाल, बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव कबूलपुर निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि नत्थू लाल मेले में आए थे और उनकी मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।