बलियाः सरयू नदी में डूबी चार लड़कियां, तीन को लोगों ने बचाया, एक लापता, खोजबीन जारी! पुरुषोत्तम पट्टी गांव के पास सरजू नदी में स्नान करने गई थी लड़कियां
June 10, 2025
बलिया। मनियर थाने के पुरुषोत्तम पट्टी गांव के पास सरजू नदी में स्नान करते वक्त चार लड़कियां गहरे पानी में डूबने लगीं। इस दौरान नदी किनारे बन रहे ठोकर के पास काम कर रहे मजदूर व बगल में स्नान कर रहे कुछ लोगों ने डूब रही चारों लड़कियों में से तीन को किसी तरह से बचा लिया गया। जबकि एक लड़की को बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही पुलिस व सैकड़ों लोग घाट पर पहुंच गए और काफी खोजबीन की, लेकिन डूबी लड़की का कहीं अता-पता नहीं चल सका। समाचार लिखे जाने तक नदी में डूबी लड़की की खोजबीन जारी थी।
इलाके के मनियर थाना अंतर्गत पुरुषोत्तम पट्टी घाट पर सरजू नदी के किनारे मंशा, पिंकी, अंशा, हिमांशु मंगलवार की सुबह स्नान करने गई थी, जहां स्नान करते वक्त चारों गहरे पानी में चलीं गई। चारों लड़कियों को डूबते देखकर बगल में स्नान कर रहे लोगों व मजदूरों ने अथक प्रयास से तीन को बचा लिया। जबकि हिमांशु यादव (17) पुत्री शैलेंद्र यादव निवासी पुरुषोत्तम पट्टी को बचाया नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि मंशा, पिंकी व अंशा गर्मी की छुट्टी में अपनी रिश्तेदारी में प्रीति यादव के यहां आई थी। तीनों लड़कियां हतप्रद है। घटना स्थल पर तहसीलदार सिकंदरपुर प्रवीण सिंह, थाना प्रभारी मनियर रत्नेश कुमार दुबे भी पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक मछुआरों की मदद से प्रीति यादव की खोजबीन जारी है।