Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊः नगर निगम में आठ सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दी गई भावभीनी विदाई! स्व. राम अचल जी को श्रद्धांजलि अर्पित


लखनऊ। नगर निगम मुख्यालय में महत्वपूर्ण अवसरों पर नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी एकत्रित हुए। एक ओर जहां आठ सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन हुआ, वहीं दूसरी ओर नगर निगम कर्मचारी संघ के महामंत्री एवं लेखा विभाग में कार्यरत स्वर्गीय राम अचल के असामयिक निधन पर त्रिलोकीनाथ सभागार में एक शोक सभा का आयोजन किया गया।

स्व. राम अचल का निधन 31 मई को एक दुखद सड़क दुर्घटना में हो गया था। उनकी स्मृति में आयोजित शोक सभा में नगर निगम परिवार के सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लिया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा का वातावरण अत्यंत भावुक था। वक्ताओं ने राम अचल के सेवाभाव, ईमानदारी एवं संगठन के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी।इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, अपर नगर आयुक्त नम्रता सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह, मुख्य अभियंता (सिविल) महेश वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.के. श्रीवास्तव सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों ने राम अचल के साथ बिताए पलों को साझा किया। उन्होंने कहा कि राम अचल एक कुशल लेखाकार होने के साथ-साथ संवेदनशील, सहयोगी और प्रेरणादायक व्यक्तित्व के धनी थे। उनके निधन से नगर निगम ने एक कर्मठ और समर्पित कर्मचारी को खो दिया है, जिसकी भरपाई कर पाना आसान नहीं होगा।इस शोक सभा में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के नेताओं ने भी भाग लिया और स्व. राम अचल जी के कर्मचारियों के हितों के लिए किए गए संघर्ष, उनकी निष्ठा और कार्यशैली की सराहना की। प्रमुख ट्रेड यूनियन नेताओं में राजेश सिंह, राजेश भारती, सय्यद कैसर रजा, सुनील धानुक, रमेश चैरसिया, शैलेन्द्र तिवारी, जुगल वाल्मीकि, आनंद वर्मा, शमील अखलाख, राकेश लक्खा, जगदीश अटल और हरी शंकर पांडेय सहित सैकड़ों कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल एवं नगर आयुक्त गौरव कुमार ने भी शोक व्यक्त किया। यद्यपि वे अपनी शासकीय व्यस्तताओं के कारण कार्यक्रम में स्वयं उपस्थित नहीं हो सके, परंतु उन्होंने स्व. राम अचल के निधन पर गहरा दुःख जताया और शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।शोक सभा के पश्चात सेवानिवृत्त कर्मचारियों का विदाई समारोह आयोजित किया गया। नगर निगम से 31 मई को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में संपत्ति विभाग के प्रथम श्रेणी लिपिक प्रदीप कुमार सेठ, स्वास्थ्य विभाग के सफाई नायक अजय कुमार शुक्ला, उद्यान विभाग के माली अर्जुन प्रसाद, स्वास्थ्य विभाग की सफाई कर्मी प्यारी, रजनी, सुरेश, बेला और अभियंत्रण विभाग की अनुचर नीलम सिंह शामिल हैं।विदाई समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह, शॉल एवं पुष्प गुच्छ प्रदान कर उनके सेवा काल के योगदान को सराहा गया। वक्ताओं ने उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |