Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

हज के लिए दुनिया भर से सऊदी अरब पहुंचे 15 लाख से ज्यादा मुसलमान


इस साल हज करने के लिए दुनिया भर से 15 लाख से ज्यादा जायरीन सऊदी अरब पहुंचे हैं। सऊदी सरकार के एक प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी दी है। हज इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक है और आर्थिक एवं शारीरिक तौर पर सक्षम मुस्लिम के लिए यह जरूरी माना जाता है कि वह जीवन में कम से कम एक बार हज करे। गर्मी को देखते हुए सऊदी सरकार ने इस वर्ष हाजियों के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

हज मंत्रालय के प्रवक्ता गस्सान अल नौइमी ने विदेशी हज यात्रियों की अनुमानित संख्या के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने यह नहीं बताया कि सऊदी अरब के कितने लोग इस साल हज कर रहे हैं। पिछले साल दुनिया भर के 16 लाख से ज्यादा मुस्लिमों ने हज किया था। हज यात्री बुधवार को अराफात पहुंचने लगे। करीब 40 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी में कुछ लोग पैदल यात्रा कर रहे थे तो अन्य लोग बुजुर्गों को साथ लेकर चल रहे थे।

मक्का के दक्षिण-पूर्व में स्थित पहाड़ी ‘माउंट अराफात’ का इस्लाम में बहुत महत्व है। अराफात का जिक्र कुरान में भी किया गया है और कहा जाता है कि यहीं पर पैगंबर मोहम्मद ने अपने अंतिम हज के दौरान अपना अंतिम खुतबा (उपदेश) दिया था। पैगंबर की पारंपरिक उक्तियों के अनुसार, अराफात का दिन साल का सबसे पवित्र दिन होता है, जब अल्लाह जायरीनों के करीब आते हैं और उनके गुनाहों को माफ करते हैं। हज यात्री आधी रात से लेकर सूर्यास्त तक अराफात में इबादत करेंगे।

हज यात्री बृहस्पतिवार को सूर्यास्त के बाद कंकड़ियां इकट्ठा करने के लिए मुजदलिफा के रेगिस्तानी मैदान में जाएंगे, जिसका इस्तेमाल वो शैतान को कंकड़ियां मारने की रस्म के लिए करेंगे। इस बीच यहां यह भी बता दें कि, वर्ष 2023 में 18 लाख से अधिक लोगों ने हज किया था। 2019 में हाजियों की संख्या 24 लाख से अधिक थी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |