बीसलपुर: बूथ स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करें कार्यकर्ता - त्यागी
May 28, 2025
बीसलपुर। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कोऑर्डिनेटर अरुण त्यागी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने में पूरी ताकत लगा दें। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर भी तीखा प्रहार किया।
नगर के मोहल्ला बख्तावरलाल स्थित कांग्रेस कार्यालय परिसर में आयोजित ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए त्यागी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने आजादी से लेकर विकास तक में अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए अभी से तैयार रहने और गांव-गांव तक पहुंचने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा ने संविधान बचाओ रैली को सफल बनाने का आह्वान किया। डॉ नागेश पाठक ने गोवंशीय पशुओं की समस्या और किसानों को फसल का उचित मूल्य न मिलने का मुद्दा उठाया। सम्मेलन का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष राजू मिश्रा ने किया। इस दौरान पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।