Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

गौरीगंज: महिलाओ को डरने की जरूरत नहीं, कानून आपके साथ है - डॉ. प्रियंका मौर्या


गौरीगंज/अमेठी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने कल तहसील गौरीगंज सभागार में महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की जनसुनवाई की, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी शिकायतों के साथ उपस्थित हुईं। जनसुनवाई के दौरान डॉ. मौर्या ने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, कार्यस्थल पर शोषण, संपत्ति विवाद, मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर मामलों को व्यक्तिगत रूप से सुना और प्रत्येक शिकायतकर्ता को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में महिला आयोग पूरी तरह समर्पित है। डॉ. मौर्या ने संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं, और उनका सशक्तिकरण तभी संभव है जब उन्हें न्याय, सुरक्षा और सम्मान मिले। जनसुनवाई के दौरान कुछ मामलों में मौके पर ही समाधान भी निकाला गया। कई मामलों में संबंधित पुलिस थानों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए। वहीं, लंबित मामलों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई। डॉ. मौर्या ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत पर फॉलोअप कार्यवाही सुनिश्चित की जाए और शिकायतकर्ता को उसकी जानकारी भी दी जाए। इस मौके पर उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि डरने की जरूरत नहीं है। कानून आपके साथ है और महिला आयोग हर उस महिला के साथ खड़ा है जो किसी भी प्रकार के उत्पीड़न का शिकार हो रही है। उन्होंने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी और उन्हें जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |