गौरीगंज: महिलाएं सशक्त होंगी तभी समाज सशक्त बनेगा- डॉ. प्रियंका मौर्या
May 14, 2025
गौरीगंज/अमेठी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने आज तहसील गौरीगंज के सभागार में महिला कल्याण से जुड़े विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य जनपद में संचालित महिला कल्याण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना और महिलाओं को प्राप्त हो रहे लाभ की स्थिति का आकलन करना था। बैठक में महिला कल्याण विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, पंचायत राज, और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। डॉ. मौर्या ने सभी विभागों से विभागवार प्रस्तुतियाँ लेकर जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़ी सभी योजनाएं प्रभावी रूप से क्रियान्वित हों और किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए कटिबद्ध है। इसके लिए आवश्यक है कि योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे और पीड़ित महिलाओं की शिकायतों का त्वरित समाधान हो। बैठक में डॉ. मौर्या ने यह भी निर्देश दिया कि थानों में महिला हेल्प डेस्क को और अधिक सक्रिय बनाया जाए तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण वितरण की निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किशोरियों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा को प्राथमिकता में रखा जाए। बैठक के पश्चात डॉ. मौर्या ने जनपद की महिला जनप्रतिनिधियों के साथ भी एक संवादात्मक बैठक की, जिसमें ग्राम प्रधान महिला प्रतिनिधियाँ उपस्थित रहीं। इस अवसर पर महिला आयोग की सदस्य ने महिला जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोग सोशल मीडिया का उपयोग करें और अपने द्वारा किए गए कार्यों को सोशल मीडिया के माध्यम से दिखाएं तथा अपने आसपास किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की आवाज जरूर उठाएं। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होंगी तभी समाज सशक्त बनेगा, आप लोग अपने गांव में सभी पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाए, मिशन शक्ति कार्यक्रम में अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ें जिससे उन्हें अपने अधिकारों की कानूनी जानकारी हो सके।