भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर पर जानलेवा हमला, अब पुलिस ने सेना के अधिकारी के खिलाफ दर्ज की FIR
April 22, 2025
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भारतीय वायु सेना (IAF) के विंग कमांडर पर हुए मामले पर एक नया मोड़ सामने आया है। IAF के विंग कमांडर शिलादित्य बोस पर कथित तौर पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज में विंग कमांडर के शुरुआती दावों का खंडन किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज में विंग कमांडर को एक बाइक सवार कॉल सेंटर के कर्मचारी पर शारीरिक हमला करते हुए देखा गया है। यह घटना सोमवार (22 अप्रैल) की सुबह टिन फैक्ट्री जंक्शन के पास हुई, जब बोस और उनकी पत्नी एयरपोर्ट जा रहे थे।
विंग कमांडर बोस फिलहाल कोलकाता में हैं। बेंगलुरु पुलिस द्वारा चल रही जांच के तहत जल्द ही उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। घायल बाइक सवार विकास कुमार, जो एक कॉल सेंटर का कर्मचारी है। उसकी शिकायत के आधार पर बायप्पनहल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
विंग कमांडर के खिलाफ एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत गंभीर आरोप शामिल हैं। इसमें धारा 108 (उकसाना), 115 (2) (मृत्यु या आजीवन कारावास से दंडनीय अपराध करने का प्रयास), 304 (हत्या के बराबर न होने वाली गैर इरादतन हत्या), 324 (खतरनाक हथियारों या साधनों से स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), और 352 (गंभीर उकसावे के अलावा आपराधिक बल का प्रयोग या हमला) लगाई गई है।
