अमेठी। नुवांवा गांव में समदाताल स्थित मानकविहीन खनन के विरोध में किसान यूनियन का धरना सातवें दिन भी जारी है। सोमवार देर रात को एक गंभीर घटना में धरना स्थल से लौट रहे दो कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। घायल कार्यकर्ताओं की पहचान गंगौली निवासी ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ कोतवाल और जितेंद्र तिवारी के रूप में हुई है। कोरारी गिरधरशाह गांव की नहर पटरी पर आधा दर्जन बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोका। हमलावरों ने पहले गोली चलाई। गोली नहीं लगने पर लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही किसान यूनियन के अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटनास्थल से कारतूस और लोहे की रॉड बरामद हुई है। कोतवाली प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए अमेठी-ककवा मार्ग पर 112 पीआरवी तैनात की गई है। धरना स्थल पर एक उपनिरीक्षक और सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है।