अमेठीः तेज आंधी में गिरी दीवार, महिला की दबकर मौत
April 18, 2025
अमेठी। क्षेत्र में आई तेज आंधी ने एक परिवार से उसकी बुजुर्ग महिला सदस्य को छीन लिया। बरतला मजरे अमेयमाफी गांव की एक 60 वर्षीय महिला की खेत में मशीन की गिरी दीवार के नीचे दबकर दर्दनाक मौत हो गई। गांव निवासी फूलमती (60) पत्नी राम प्यारे शुक्रवार को दोपहर खेत में लगी मशीन पर कपड़े हटाने गई थीं। तेज आंधी चलने के बाद देर तक उनके वापस न लौटने पर परिजन उन्हें देखने खेत पहुंचे। वहां मशीन की दीवार गिरी हुई थी और फूलमती उसी के नीचे दबी मिलीं। उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। परिजन तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के तीन बेटियां और दो बेटे हैं, सभी विवाहित हैं। गांव में शोक की लहर है।