जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने देश को झकझोरकर रख दिया है. इसमें कुल 26 लोगों मौत हो चुकी है, जिसमें से दो विदेशी नागरिक भी शामिल है. मरने वालों में एक UAE का है और दूसरा नेपाल का. इस हमले से जुड़ा एक सच सामने आया है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि आतंकियों ने पल्लवी राव नाम की महिला के पति मंजूनाथ राव को उसी के सामने गोलियों से छलनी कर दिया. महिला ने जब कहा कि मुझे और मेरे बच्चों को भी मार दो तो आतंकियों ने कहा कि जाओ, मोदी को बताओ. मंजूनाथ राव जिंदगी में पहली बार कश्मीर घूमने के लिए आए थे, जो उनके लिए आखिरी साबित हो गई. यही नहीं बीते 46 सालों में पहली बार अपने परिवार के साथ कर्नाटक से बाहर घूमने के लिए आए थे. हमले से पहले राव दंपत्ति पहलगाम के खूबसूरत घास के मैदानों में टहल रहे थे. तभी अचानक उन्हें ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज सुनाई देने लगी. इस हमले में मंजूनाथ के अलावा कर्नाटक के एक और शख्स की मौत हो गई. दूसरे मृतक का नाम भारत भूषण है, जो बेंगलुरु के रहने वाले थे. उन्हें भी आतंकियों ने चुनकर गोली मार दी.