बभनी/सोनभद्र। विकासखंड के ग्राम बचरा के सिंगरौलिया टोला में ग्रामीणों ने पक्की सड़क और पुल निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को प्रदर्शन किया। सिंगरौलिया टोला और सेमरिया जूनियर माध्यमिक विद्यालय के बीच मात्र 1.5 किलोमीटर की दूरी है। लेकिन सड़क न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। दोनों गांवों के बीच अंजीर नदी है। बारिश के मौसम में बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए 4 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। चार साल पहले मनरेगा से कच्ची सड़क का निर्माण किया गया था। लेकिन अब तक पक्की सड़क नहीं बन पाई है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ओमप्रकाश यादव, सदाचन यादव, मानिक चंद, उमाशंकर, राम प्रवेश, तुलसी दास, दयाशंकर, राम निवास, राममनोहर और बृजमोहन सहित कई ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। उनकी मांग है कि सड़क और पुल का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए, ताकि बच्चों और ग्रामीणों को राहत मिल सके।
!doctype>
