शुकुलबाजार: भागवत कथा से पहले निकली कलश यात्रा
March 02, 2025
शुकुलबाजार/अमेठी। विकासखंड के ग्राम पंचायत मवैया रहमतगढ़ के पूरे शुकुलन गांव में रविवार को श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा से पूर्व कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में दर्जनों महिलाएं मंगल कलश सिर पर लेकर चल रही थीं। बैंड बाजे की धुन पर कई महिलाएं व कन्याए भगवान कृष्ण के गीत गाते हुए नृत्य कर रही थीं। शाम के समय कथावाचक आशुतोष तिवारी ने कलश यात्रा का महत्व बताते हुए कहा कि कलश सुख-समृद्धि का प्रतीक है। जो लोग कलश यात्रा में चलते हैं सुख-समृद्धि उनका साथ कभी नहीं छोड़ती और परमात्मा की विशेष कृपा के पात्र हो जाते हैं। कथा के दौरान आचार्य ने भागवत कथा का महत्व भक्ति, ज्ञान-वैराग्य, गोकर्णोपाख्यान आदि कथाओं को विस्तार पूर्वक सुनाया। व्यास मंच से कई सुंदर भजन गाए गए जिसे सुनकर श्रोतागण भाव विभोर हो उठे। आचार्य आशुतोष तिवारी ने वेद मंत्रों के साथ व्यास मंच की पूजा संपन्न कराई। इस दौरान श्रीमती कमलेश कुमारी ,अवधेश कुमार शुक्ला ,श्रीमती सुषमा शुक्ला ,राजेश शुक्ला ,राजेंद्र प्रसाद शुक्ला, भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष गिरीश चंद शुक्ला,अरविंद शुक्ला, आदि सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।
