Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

मुरादाबादः एएस पब्लिक स्कूल पाकबड़ा में दौरान ए तरावीह मुकम्मल हुआ कुरआन पाक, मौलानाओं का हुआ सम्मान


मुरादाबाद। पाकबड़ा स्थित ए एस पब्लिक स्कूल में रमजान के पाक महीने में आयोजित तरावीह की नमाज के दौरान कुरआन पाक मुकम्मल किया गया। इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की। स्कूल के मैनेजर मोहम्मद अख्तर ने सभी का शुक्रिया अदा किया और मुबारक बाद पेश की।

कार्यक्रम का आगाज नाते पाक से किया गया, जिसमें नात ख्वानों ने अपनी मधुर आवाज में नबी ए करीम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की शान में नातें पेश कीं। इसके बाद तरावीह की नमाज में कुरआन पाक के मुकम्मल होने पर सभी मौलानाओं और हाफिजों को गुलपोशी कर सम्मानित किया गया। साथ ही, उन्हें श्रद्धा के रूप में नजराने भी भेंट किए गए।

इस खास मौके पर मौलानाओं ने इस्लाम की शिक्षाओं, कुरआन पाक की अहमियत और रमजान की बरकतों पर रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि कुरआन केवल पढ़ने की किताब नहीं, बल्कि यह इंसान की जिंदगी को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शक है। इसे समझकर अमल में लाने से दुनिया और आखिरत दोनों में कामयाबी मिलती है।

कार्यक्रम के अंत में अमन, भाईचारे और मुल्क की तरक्की के लिए खास दुआ की गई। मौलानाओं ने कहा कि रमजान का यह मुकद्दस महीना हमें इबादत, सब्र, इंसानियत और गरीबों की मदद का पैगाम देता है। सभी को चाहिए कि इस्लाम की सच्ची तालीम पर अमल करें और समाज में मोहब्बत और भाईचारे को बढ़ावा दें।

इस मौके पर स्कूल कमेटी के सदर, मस्जिद कमेटी के सदस्य, स्कूल प्रबंधन, समाज के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में रोजेदार मौजूद रहे। सभी ने रमजान की बरकतों को सराहते हुए इस आयोजन की प्रशंसा की और आगे भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की बात कही।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |