Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

'आदिवासी अंचलों में विकास का नया दौर, बस्तर में खेल-शिक्षा से खुल रहे तरक्की के रास्ते'


छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ कस्बे में आयोजित 'जनजातीय गौरव दिवस' कार्यक्रम को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज (रविवार को) वर्चुअली संबोधित किया। नितिन नवीन ने कहा कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी अंचलों में बदलाव की नई तस्वीर उभर रही है। जिस बस्तर की पहचान कभी नक्सलवाद और हिंसा से जुड़ी रही, वहां अब खेल के मैदानों में युवाओं का उत्साह, शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ती उपलब्धियां और विकास की नई संभावनाएं दिखाई दे रही हैं। बंदूक की जगह खेल का मैदान ले रहा है और भय के स्थान पर विश्वास तथा अवसरों का वातावरण बन रहा है। यह बदलाव केवल बस्तर ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की नई पहचान बन रहा है।

नितिन नवीन को इस कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होना था, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण उनका धरमजयगढ़ पहुंचना संभव नहीं हो सका। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से समारोह में शामिल होकर आदिवासी समाज को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर देश के आदिवासी नायकों के संघर्ष, बलिदान और योगदान को राष्ट्रीय सम्मान दिलाया है। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित केंद्रीय एवं राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा आदिवासी क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बस्तर में खेल, शिक्षा और विकास के माध्यम से सकारात्मक बदलाव की मजबूत आधारशिला तैयार हो रही है। बस्तर ओलंपिक इस परिवर्तन का बड़ा उदाहरण है। वर्ष 2024 में इसमें डेढ़ लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया था, जबकि वर्ष 2025 में प्रतिभागियों की संख्या बढ़कर लगभग चार लाख पहुंच गई। यह आंकड़ा बताता है कि बस्तर का युवा अब अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाने के लिए नए अवसरों से जुड़ रहा है।

नितिन नवीन ने शिक्षा के क्षेत्र में आदिवासी विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में संचालित 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जनजातीय युवाओं के भविष्य को नई दिशा दे रहे हैं। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में इन विद्यालयों के 408 विद्यार्थियों ने जेईई सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की। इनमें 346 विद्यार्थी जेईई मेन्स में सफल रहे। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उचित मार्गदर्शन मिलने पर आदिवासी अंचलों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बना सकती हैं।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस को उन्होंने आदिवासी समाज के इतिहास, अस्मिता और स्वाभिमान को सम्मान देने वाला महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर देश के जनजातीय नायकों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष कर आदिवासी समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

उन्होंने छत्तीसगढ़ के वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और शहीद गेंद सिंह जैसे जननायकों का स्मरण करते हुए कहा कि इन महान स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष और बलिदान देश की सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय विरासत का अभिन्न हिस्सा है।

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका उद्देश्य दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली का संरक्षण तथा संवर्धन भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना इन क्षेत्रों का आर्थिक और सामाजिक विकास।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |