ईशा सिंह संग रिश्ते में आई दरार, मां ने लगाया धोखे का आरोप, अब अविनाश मिश्रा ने तोड़ी चुप्पी
November 19, 2026
टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कपल अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। कुछ समय पहले तक दोनों अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में थे और उन्होंने रोमांटिक अंदाज में अपने प्यार का इजहार भी किया था। हालांकि, अब दोनों के ब्रेकअप की खबरें सामने आने के बाद फैंस हैरान हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि अविनाश ने ईशा को धोखा दिया है। इस पूरे मामले पर ईशा सिंह ने फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन अब अविनाश मिश्रा ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने एक पोस्ट शेयर कर मीडिया पेजों से उनकी निजी जिंदगी में दखल न देने और प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है।
अविनाश मिश्रा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर एक नोट साझा किया। हालांकि उन्होंने इस पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया और न ही सीधे तौर पर ब्रेकअप की खबरों की पुष्टि की, लेकिन उनका संदेश मौजूदा चर्चाओं से जुड़ा माना जा रहा है। एक्टर ने लिखा, 'दोस्तों, आइए इस बात को यहीं खत्म करें और आगे बढ़ें। पिछले कुछ हफ्ते कई लोगों के लिए काफी मुश्किल रहे हैं। मीडिया पेजों से अनुरोध है कि वे सभी की निजता का सम्मान करें। रिश्ते निजी होते हैं, सार्वजनिक मनोरंजन नहीं। हर चीज व्यूज और एंगेजमेंट के लिए नहीं होती। आइए लोगों को शांति से जीने दें।' अविनाश के इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर उनके और ईशा के रिश्ते को लेकर चर्चा तेज हो गई है। एक्टर ने भले ही ब्रेकअप या धोखा देने के आरोपों पर सीधे कुछ नहीं कहा, लेकिन उन्होंने साफ किया कि वह अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक चर्चा का विषय नहीं बनाना चाहते।
अविनाश और ईशा के रिश्ते में अनबन की अटकलें तब तेज हुईं, जब ईशा ने इंस्टाग्राम पर अविनाश को अनफॉलो कर दिया। इसके बाद ईशा और उनकी मां की ओर से कुछ क्रिप्टिक पोस्ट भी साझा किए गए, जिनकी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई। इसी बीच ईशा की मां का एक कथित ऑडियो क्लिप भी वायरल हो गया। इस ऑडियो में ईशा की मां अविनाश पर उनकी बेटी को धोखा देने का आरोप लगाती सुनाई देती हैं। क्लिप में वह यह भी कहती हैं कि ब्रेकअप के बाद ईशा को काफी मानसिक तकलीफ हुई और उनकी हालत बेहद खराब हो गई थी। हालांकि, इस वायरल ऑडियो क्लिप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इसमें लगाए गए आरोपों को फिलहाल दावे के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
इस पूरे मामले में ईशा सिंह ने अब तक सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा है। वहीं अविनाश के पोस्ट को उनकी पहली प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने अपने संदेश में किसी आरोप का जवाब देने के बजाय लोगों से इस मामले को आगे न बढ़ाने की अपील की है। फिलहाल दोनों की ओर से ब्रेकअप को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में फैंस को इंतजार है कि अविनाश और ईशा इस पूरे मामले पर कब खुलकर अपनी बात रखते हैं।
