BJP सांसद कंगना रनौत के खिलाफ FIR दर्ज, सोनिया गांधी पर टिप्पणी से जुड़ा मामला
November 14, 2026
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब हाल ही में लॉन्च हुई है. किताब के लॉन्च होने के बाद से ही इसे लेकर हलचल मची हुई है. बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने गांधी परिवार को टारगेट करते हुए एक पोस्ट शेयर किया था. जिसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई. इन पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, उनके बेटों संजय गांधी और राजीव गांधी की मौत को लेकर ‘‘बेहद भड़काऊ बातें’’ कही गई थीं.
शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि शिमला निवासी कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है और इसकी जांच की जाएगी. यह मामला बीएनएस की धारा 196 (विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना), धारा 353 तथा धारा 356 (मानहानि) के तहत दर्ज किया गया है. शर्मा ने आरोप लगाया कि रनौत ने 10 नवंबर को अपने सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट से की गई पोस्ट में इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौतों को लेकर बेहद भड़काऊ बातें कही थीं.
उन्होंने पुलिस महानिदेशक को ईमेल के जरिए भेजी गई शिकायत में रनौत के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने और तय समय-सीमा के भीतर साइबर फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की थी. शर्मा ने यह शिकायत बृहस्पतिवार रात सात बजकर 51 मिनट पर भेजी थी.
शर्मा के अनुसार, इन पोस्ट में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को एक ''रहस्यमयी विदेशी नागरिक'' के रूप में बताया गया. इसमें दावा किया गया है कि वह विदेश के एक कैफे में मौजूद थीं जब उनके रिश्तेदारों की एक-एक करके हत्या कर दी गई. इसके बाद वह सरकार की मुखिया बनीं और उन्होंने एक चौंकाने वाली टिप्पणी की थी.
इसमें यह भी आरोप लगाया गया कि संजय गांधी की मृत्यु के बाद मेनका गांधी को अचानक पारिवारिक आवास से निकाल दिया गया था. शर्मा ने कहा कि इस तरह की झूठी धारणा बनाने से लोगों में वैमनस्य फैलने और सार्वजनिक शांति भंग होने का खतरा है. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इन पोस्ट के जरिए डर या दहशत फैलाने के इरादे से झूठी जानकारी प्रसारित की गई.
