Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेरिका में सभी उड़ानों पर लगी रोक हटाई गई, ATC केंद्रों में तकनीकी खराबी से मचा था हड़कंप


अमेरिका में शुक्रवार दोपहर हवाई यातायात अचानक ठप हो गया था और देशभर के एयरपोर्ट्स से उड़ान भरने वाली सभी फ्लाइट्स को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया था। हालांकि कुछ घंटों बाद रोक हटा ली गई और फ्लाइट्स का संचालन सामान्य हो गया। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने यह फैसला एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) केंद्रों में आई गंभीर तकनीकी खराबी के बाद लिया था। देश के 22 ATC केंद्रों में कम्युनिकेशन सिस्टम में समस्या आने की बात सामने आई थी। इस वजह से विमानों की आवाजाही रोकनी पड़ी। अचानक लिए गए इस फैसले से अमेरिका के अलग-अलग एयरपोर्ट्स पर हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी ने बताया कि कम्युनिकेशन से जुड़ी यह तकनीकी समस्या देशभर के 22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों को प्रभावित कर रही थी। ये केंद्र अलग-अलग एयरपोर्ट्स के बीच उड़ान भरने वाले विमानों को रास्ता दिखाने और उनकी आवाजाही को नियंत्रित करने का काम करते हैं। डफी के मुताबिक, इन केंद्रों में आई खराबी के कारण हवाई यातायात पर असर पड़ा। FAA की टीमें तकनीकी समस्या की वजह का पता लगाने में जुटी रहीं और बाद में हल पता चलते हुए ऑपरेशन सामान्य हो गया।

FAA ने एक आधिकारिक नोटिस जारी कर सभी उड़ानों पर रोक लगाने की जानकारी दी थी। इस आदेश को एविएशन की भाषा में 'ग्राउंड स्टॉप' कहा जाता है। इसका मतलब है कि सुरक्षा कारणों से विमानों को उड़ान भरने से रोक दिया जाता है। FAA ने बताया कि असाधारण परिस्थितियों और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। आदेश के बाद अमेरिका के तमाम एयरपोर्ट्स पर विमानों की आवाजाही रुक गई। इसका असर घरेलू और अन्य उड़ानों पर भी पड़ा, जिससे हजारों यात्रियों को अपनी यात्रा को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ा।

इस मामले पर अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (US Department of Homeland Security) के प्रमुख ने भी बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देशभर के एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में कम्युनिकेशन सिस्टम फेल होने के बाद FAA ने सभी उड़ानों को रोकने का फैसला किया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस स्थिति में डरने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा,


'उड़ानों पर रोक तकनीकी खराबी और सुरक्षा को ध्यान में रखकर लगाई गई है। इसे लेकर घबराने की जरूरत नहीं है।'

अमेरिका में हवाई यातायात ठप होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले जनवरी 2023 में भी तकनीकी समस्या के कारण देशभर में उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी थी। उस समय FAA के नोटिस टू एयर मिशन्स (NOTAM) सिस्टम में खराबी आ गई थी। इस सिस्टम के जरिए पायलटों को रनवे, एयरपोर्ट और हवाई मार्ग से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी जाती हैं। वहीं, इसी साल जनवरी में तूफान और बर्फबारी के चलते अमेरिका में हजारों फ्लाइट्स को रद्द करने से हाहाकार मच गया था।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |