मुकेश-सिराज ने मिलकर झटके 9 विकेट, फिर भी न्यूजीलैंड ए ने पहली पारी में बना दिए 424 रन
November 02, 2026
इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट मैच क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए इस मैच में यशस्वी जायसवाल, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल और आकाश दीप जैसे बड़े खिलाड़ी खेल रहे हैं। मैच के दूसरे दिन भारत के लिए गेंदबाजी में मुकेश कुमार और मोहम्मद सिराज ने बहुत शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन इसके बावजूद न्यूजीलैंड ए की टीम 400 से ज्यादा रन बनाने में कामयाब रही। सिराज ने इस पारी में 4 और मुकेश कुमार ने 5 विकेट झटके। दोनों मिलकर 9 विकेट लेने में कामयाब रहे।
इस मैच में भारत की तरफ से गेंदबाजी में मुकेश कुमार ने कमाल करते हुए 29 ओवरों में 85 रन देकर 5 विकेट लिए। वहीं मोहम्मद सिराज ने 35 ओवर गेंदबाजी करते हुए 118 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। आखिरी बचा हुआ एक विकेट वॉशिंगटन सुंदर ने लिया, जबकि आकाश दीप और मानव सुथार को कोई सफलता नहीं मिली। न्यूजीलैंड ए की तरफ से बल्लेबाजी में मैथ्यू बॉयल ने शानदार 110 रन बनाए और डीन फॉक्स क्राफ्ट ने 93 रनों की शानदार पारी खेली। इसके अलावा, क्रिस्टियन क्लार्क ने 41 और फ्रेजर शीट ने 40 रन का योगदान दिया।
न्यूजीलैंड ए की शुरुआत बेहद खराब रही और सिर्फ 13 रन पर ही उनके 3 खिलाड़ी आउट हो गए थे। हालांकि, इसके बाद चौथे विकेट के लिए मैथ्यू बॉयल और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट के बीच 208 रनों की बड़ी साझेदारी हुई, जिससे न्यूजीलैंड ए ने मैच में जोरदार वापसी की। 369 रन के स्कोर पर 9 विकेट गिर जाने के बाद भी आखिरी विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी हुई और पूरी टीम 424 रन पर आउट हुई। इस तरह पहली पारी के आधार पर न्यूजीलैंड ए ने भारत पर 78 रनों की बढ़त बना ली है।
इससे पहले इंडिया ए की टीम ने ध्रुव जुरेल की शतकीय और देवदत्त पडिक्कल-आकाश दीप की अर्धशतकीय पारी के बदौलत पहली पारी में कुल 346 रन बनाए थे। जुरेल 105 रन बनाकर आउट हुए। वहीं पडिक्कल ने 80 रन और आकाश दीप ने 68 रनों की पारी खेली। इंडिया ए की दूसरी पारी शुरू हो गई है, जिसमें सभी की नजरें यशस्वी जायसवाल पर टिकी हैं। इस दौरे पर और रणजी ट्रॉफी में भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है और इस समय वह बतौर बल्लेबाज काफी संघर्ष कर रहे हैं। इस मैच की पहली पारी में उनका खाता भी नहीं खुला था और इससे पहले वाले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में भी वह सिर्फ 17 और 5 रन ही बना पाए थे। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 32 रन बना लिए हैं।
