Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

रेवाड़ी में काल बनकर कार पर पलटा चने से भरा ट्रक, एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत


हरियाणा के रेवाड़ी जिले में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। चने से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 5 साल का बच्चा घायल हो गया। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह ट्रक के नीचे दब गई। उसमें बैठे लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के बानपुर की आलू वाली भोलावास गांव के रहने वाले दीपक का परिवार लंबे समय से दिल्ली में रहता था। परिवार के सभी सदस्य कुछ समय पहले अपने पैतृक गांव आए हुए थे। शनिवार को वे कार से वापस दिल्ली के द्वारका लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे उनकी कार रेवाड़ी के बावल इलाके में बनीपुर चौक के पास फ्लाईओवर के नजदीक पहुंची।

इसी दौरान चने से भरा एक ट्रॉला अनियंत्रित होकर सीधे कार के ऊपर पलट गया। भारी ट्रॉला गिरने से कार पूरी तरह उसके नीचे दब गई। हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार की खिड़कियां तक काटनी पड़ीं।

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। घायलों को बावल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने दीपक, सरिता, नितिन और दिव्या को मृत घोषित कर दिया। हादसे में करीब पांच साल का एक बच्चा घायल हुआ है। उसका अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक ड्राइवर तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। बताया गया कि ट्रक ने पहले एक अन्य गाड़ी को टक्कर मारी और इसके बाद अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया। हालांकि, हादसे के सही कारणों का पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा। बता दें कि कुछ ही घंटे पहले करनाल में जीटी रोड पर ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर सवार 2 युवकों की मौत हो गई थी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |