Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताई गायत्री मंत्र की महिमा, कहा- "24 अक्षर सीधे 24 शुभ्र ग्रंथियों से जुड़े"


दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी, अखंड दीप के सौ वर्ष और पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की साधना के सौ वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाया जा रहा है।

इस मौके पर हुए कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गायत्री मंत्र की महिमा बताई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गायत्री मंत्र को संपूर्ण परिवर्तन का मार्ग बताया। उन्होंने कहा कि कई युवाओं को गायत्री मंत्र से लाभ हुआ है, जिससे उनकी सकारात्मक सोच, साहस, स्मरण शक्ति, समझने की क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता में सुधार आया है।

अमित शाह ने कहा, "गायत्री मंत्र के 24 अक्षर सीधे 24 'शुभ्र ग्रंथियों' से जुड़े हैं और इन शक्तियों को जगाने से नकारात्मक गुणों को दबाया जा सकता है। इसके जरिए सकारात्मक गुणों का विकास संभव है।" शाह ने ये भी कहा कि गायत्री मंत्र से शुभ शक्तियां प्रकट होती हैं।

अमित शाह ने कहा, "दीप जलाने के लिए एक ज्योत पर्याप्त होती है, लेकिन उसे सौ वर्ष तक अखंड जलाए रखने के लिए तप, त्याग और संकल्प, तीनों चाहिए।"

अमित शाह ने कहा, "अखंड ज्योति के सौ वर्ष पूरे होना केवल एक दीपक के लगातार जलते रहने की उपलब्धि नहीं है, बल्कि इसके पीछे लाखों लोगों की साधना और तपस्या का परिणाम है। सौ का अंक अपने आप में पूर्णता का प्रतीक माना जाता है, और यह वर्ष भारतीय संस्कृति और भारत की आध्यात्मिक यात्रा के लिए एक प्रकार से पुण्य का वर्ष है।"

अमित शाह ने पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के योगदान को याद करते हुए कहा, "पंडित जी ने भारतीय संस्कृति पर जो उपकार किया है, उतना ही गहरा उपकार उन्होंने गायत्री मंत्र को विश्व के कोने-कोने तक पहुंचाकर किया है। आज गायत्री परिवार का कार्य सौ से अधिक देशों तक पहुंच चुका है।"

अमित शाह ने कहा, "गायत्री मंत्र केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति निर्माण और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम भी है। गायत्री परिवार की सौ वर्षों की यात्रा त्याग, तपस्या और साधना का प्रतीक है।"

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |