वैभव सूर्यवंशी कैप्टन्सी डेब्यू पर रहे फ्लॉप, सिर्फ 18 रन बनाकर हुए आउट
November 14, 2026
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के पहले ही मैच में बिहार को सौराष्ट्र के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। 15 साल के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने हार के साथ कैप्टन्सी करियर की शुरुआत की। वैभव टी20 क्रिकेट इतिहास के सबसे कम उम्र के कप्तान तो बन गए, लेकिन बतौर कप्तान उनकी और उनकी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बिहार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 137 रन बनाए थे, जिसे सौराष्ट्र की टीम ने बड़ी आसानी से 16.3 ओवर में ही हासिल कर मैच जीत लिया।
बिहार की ओर से बल्लेबाजी करते हुए पृथ्वी राज ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया और 27 गेंदों में 4 छक्के लगाकर 38 रन जोड़े। उनके अलावा अल्तमिश अशरफ ने 20 गेंदों में 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 24 रन बनाए। टीम के कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने तेज शुरुआत की और 12 गेंदों में 2 चौके व 1 छक्का लगाकर 18 रन बनाए, जबकि आयुष लोहारुका 9 गेंदों पर सिर्फ 9 रन ही बना सके। वैभव को इस मैच में तेज गेंदबाज चेतन साकरिया ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट करवाया। सौराष्ट्र के लिए चेतन साकरिया और प्रेरक मांकड़ ने 3-3 विकेट लिए।
रन चेज में सौराष्ट्र के लिए हरवंश पंगालिया ने सबसे तूफानी पारी खेली और महज 11 गेंदों में 3 चौकों व 3 छक्कों की मदद से 33 रन कूट दिए। उनके अलावा हार्विक देसाई ने 18 गेंदों पर 2 चौके और 1 छक्का लगाकर 21 रन बनाए, जबकि सिद्धांत राणा ने भी 18 गेंदों में 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 21 रनों का योगदान दिया। वहीं, रुचित अहिर ने 19 गेंदों पर 2 चौके लगाते हुए नाबाद 21 रन बनाए और टीम को जीत तक पहुंचाया।
सौराष्ट्र की ओर से खेलते हुए विश्वराज जडेजा ने 14 गेंदों में 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 18 रन बनाए, जबकि प्रेरक मांकड़ ने भी 14 गेंदों में 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 16 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा समर गज्जर ने 2 रन बनाए। वहीं, बिहार की गेंदबाजी की बात करें तो सूरज कश्यप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि हिमांशु सिंह और मयंक कुमार को 1-1 विकेट सफलता हाथ लगी। अब बिहार की टीम अपना अगला मैच रेलवे के साथ 16 नवंबर को खेलेगी।
