22 अक्टूबर को होटल सवेरा में सजेगी सांस्कृतिक संध्या, लगातार चौथे वर्ष होगा आयोजन।
सोनभद्र। जिला तरुण महिला केशरवानी क्लब की ओर से आयोजित होने वाले डांडिया नाइट 4.0 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 22 अक्टूबर को राबर्ट्सगंज स्थित होटल सवेरा में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को भूमि पूजन के साथ किया गया। आयोजन को लेकर क्लब की सदस्यों में उत्साह का माहौल है।
जिला तरुण महिला केशरवानी क्लब की ओर से लगातार चौथे वर्ष डांडिया नाइट का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक मंच पर एकत्रित कर आपसी मेलजोल बढ़ाने के साथ सांस्कृतिक परंपराओं और उत्सव की खुशियों को साझा करना है। डांडिया नाइट में रंगारंग प्रस्तुतियों और आकर्षक सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से उत्सवी माहौल देखने को मिलेगा।
भूमि पूजन के अवसर पर क्लब की जिलाध्यक्ष श्वेता केशरी के साथ शालू केशरी, सौम्या केशरी, वंदना पाण्डेय, प्रियंका केशरी, सोनी केशरी, सीमा केशरी, शिल्पी केशरी, बीना केशरी, शालिनी केशरी, प्रीति केशरी, रुपाली केशरी, राजेश केशरी और आशीष केशरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।
