Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

यूपी में MLC चुनाव की मतदाता पर्ची में गड़बड़ी! पिता के नाम की जगह लिखा 'B.Com'


उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में MLC चुनाव की मतदाता पर्चियों में कथित गड़बड़ियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी और मौजूदा MLC डॉक्टर मान सिंह यादव ने मतदाता पर्चियों में नाम और पिता के नाम से जुड़ी त्रुटियों को लेकर निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पर्चियों में पिता के नाम की जगह 'B.Com' लिखा है, जबकि एक अन्य पर्ची पर कथित तौर पर 'राम ने यादव को मारा' और पिता के नाम के स्थान पर 'मूर्ख चंद यादव' दर्ज किया गया है। सपा प्रत्याशी ने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी से भी की है।

डॉक्टर मान सिंह यादव ने मतदाता पर्चियों में कथित गलतियों पर नाराजगी जताते हुए निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि पर्चियों में इस तरह की गलतियां गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे किसी ने नशे में मतदाता सूची तैयार की हो। सपा प्रत्याशी ने इन त्रुटियों को लेकर प्रशासन से शिकायत की है और मामले पर ध्यान देने की मांग की है।

MLC चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह मतदान शुरू होना है। प्रशासन ने मतदान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। पोलिंग एजेंटों को बूथों के लिए रवाना किया जा रहा है। मतदाता पर्चियों में गड़बड़ी के आरोपों के बीच प्रशासन का कहना है कि मामूली त्रुटियों के कारण किसी भी मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा।

प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले को 50 जोन में बांटा गया है। सभी जोन में निगरानी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। प्रशासन चुनाव प्रक्रिया पर नजर रख रहा है, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

डीएम ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची या पर्ची में मामूली गलती होने पर किसी को मतदान से वंचित नहीं किया जाएगा। हालांकि, यदि किसी मतदाता का नाम गलती से एक से अधिक बूथों की सूची में दर्ज है, तो वह केवल एक ही स्थान पर मतदान करे। एक से अधिक जगह वोट डालने की कोशिश करने पर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |