पीलीभीत। सोमवार को गौहनियां रेलवे फाटक के निकट माधोटांडा रोड स्थित केके पुरम स्थित पार्टी कार्यालय पर महान कवि एवं रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने की। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को याद किया।
सपा जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन सत्य, न्याय, समानता और मानवता की प्रेरणा देता है। रामायण की रचना के माध्यम से उन्होंने भारतीय साहित्य और संस्कृति को अमूल्य धरोहर प्रदान की। उनके आदर्श आज भी समाज में नैतिकता, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश देते हैं। उन्होंने सभी से महर्षि वाल्मीकि के विचारों को आत्मसात कर समानता और सम्मान पर आधारित समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का व्यक्तित्व और कृतित्व युगों से समाज का मार्गदर्शन कर रहा है। उनका जीवन बताता है कि ज्ञान, शिक्षा और सद्कर्मों के माध्यम से व्यक्ति समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। उनकी शिक्षाएं भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक व्यक्ति के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता रखने की प्रेरणा देती हैं।सपा नेता शाने अली ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की रचनाएं मानवता, मर्यादा और आदर्श जीवन का संदेश देती हैं। उनकी जयंती पर उनके विचारों को जीवन में उतारने तथा सामाजिक न्याय, प्रेम और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने का संकल्प लेना चाहिए। वहीं, पूर्व जिला महासचिव यूसुफ कादरी ने कहा कि रामायण के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि ने सत्य, सदाचार और मानवीय मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया। उनके आदर्शों को अपनाकर ऐसा समाज बनाने की दिशा में काम करना चाहिए, जहां सभी को समान अधिकार, सम्मान और अवसर मिलें।सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष विशाल वाल्मीकि ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन संघर्ष, ज्ञान, आत्मसम्मान और सामाजिक परिवर्तन की प्रेरणा देता है। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान, समान अवसर और न्याय दिलाने के लिए प्रयास करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा भी सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के सम्मान की पक्षधर है।
कार्यक्रम में राजीव अग्रवाल टीटी, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव सतेंद्र मौर्य, सपा प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद सिंह यादव, प्रदेश सचिव व जिला पंचायत सदस्य असलम जावेद अंसारी, सतनाम सिंह देओल सत्ता, जिला उपाध्यक्ष काशीराम सरोज और बालकराम सागर, समाजवादी बाबा साहेब आंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय महासचिव नरेश कुमार सागर, राष्ट्रीय सचिव अशोक वर्मा, रिंकू पांडेय, सदर विधानसभा अध्यक्ष हाजी इम्तियाज अल्वी, पूरनपुर से आवेदक अशोक राजा, अधिवक्ता सभा के जिलाध्यक्ष ज्योति प्रकाश शुक्ला, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष निरंजन कुमार गंगवार, शांतिस्वरूप वर्मा, रामनरेश वर्मा, प्रदीप सोनकर, महिला सभा की जिलाध्यक्ष आशा वर्मा, जिला सचिव कमलेश कुमार पाल, शरफुद्दीन नूरी, सलीम इदरीशी, लियाकत सलमानी, नगर अध्यक्ष गुरविंदर सिंह गिल, पूर्व नगराध्यक्ष संदीप सक्सेना सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
