लव अफेयर से नाराज पिता ने काटा बेटी का गला, शव को बोरे में ठूंसकर नदी में फेंक दिया
October 15, 2026
बिहार के मधेपुरा में नाबालिग बेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने 6 दिन बाद घर से लगभग 15 किमी दूर शव बरामद किया है। बेटी के लव अफेयर से नाराज पिता ने सोए अवस्था में दबिया से गला काट दिया था। इसके बाद शव को जूट की बोरी में भरकर नदी में फेंक दिया था। घटना शंकरपुर थाना क्षेत्र के गोरराहा गांव की है।
बेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पिता को गिरफ्तार किया है। वारदात को छिपाने के लिए उसने खून से सना बिस्तर और कपड़े जला दिए। इतना ही नहीं पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी पिता 11 अक्टूबर को खुद थाने पहुंचकर बेटी के घास काटने जाने के दौरान लापता होने की शिकायत भी दर्ज करा दी। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है। पूछताछ में बताया कि गांव के एक लड़के के साथ बेटी के प्रेम-प्रसंग की चर्चा होने लगी थी। इससे वह नाराज था। उसे डर था कि बेटी के इस रिश्ते से उसकी इज्जत और प्रतिष्ठा खराब होगी इसलिए गुस्से आकर उसने हत्या कर दी।
आरोपी ने बताया कि 7 अक्टूबर की रात बेटी घर में सोई हुई थी। इसी दौरान उसने दबिया से उसका गला काट दिया। इसके बाद शव को जूट की बोरी में बांधा और मोटरसाइकिल से 2 किमी दूर ले जाकर बेहरारी के पास नदी में फेंक दिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बेटी गांव के ही एक लड़के से छिपकर फोन पर बात करती थी। जब गांव में दोनों के प्रेम प्रसंग की चर्चा होने लगी तो उसे इसकी जानकारी मिली। इस बात से वह काफी नाराज हुआ। उसे लगा कि बेटी के कारण उसकी इज्जत-प्रतिष्ठा खराब हो जाएगी। इसी आक्रोश में उसने बेटी की हत्या करने का फैसला कर लिया।
