• कूड़े के ढेर और कूड़ा जलाने पर कार्रवाई की चेतावनी के
बाद शुरू हुआ काम
• नगर निगम की निगरानी से स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने की
पहल को मिली गति
सनेश ठाकुर
मुरादाबाद (विधान केसरी)। शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए नगर निगम की सख्ती का असर अब दिखाई देने लगा है। नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक की चेतावनी और कार्रवाई के बाद शहर के विभिन्न वार्डों में खाली पड़े प्लॉटों के मालिकों ने उनकी चारदीवारी कराने का काम शुरू कर दिया है। खाली प्लॉटों में कूड़ा जमा होने और उसे जलाए जाने से गंदगी व प्रदूषण की समस्या बढ़ रही थी। नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए प्लॉट मालिकों को जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में वार्ड-69 की मंसूरी कॉलोनी में खाली प्लॉटों की चारदीवारी का काम शुरू हो गया है। बुधवार को नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने कॉलोनी का निरीक्षण किया था। इस दौरान तीन खाली प्लॉटों में कूड़े के ढेर जमा मिले, जबकि एक प्लॉट में कूड़ा जलता हुआ पाया गया। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए नगर स्वास्थ्य अधिकारी को संबंधित प्लॉट मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
मुरादाबाद नगर निगम की सख्ती के बाद मंसूरी कालोनी में प्लॉट स्वामी ने कराई अपने खाली प्लाट की चाहरदीवारी
नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि खाली प्लॉटों को कूड़ा डालने का स्थान न बनने दिया जाए। बिना चारदीवारी वाले बड़े खाली प्लॉटों को चिह्नित कर उनके मालिकों से बाउंड्री वॉल बनवाने के निर्देश भी दिए गए थे। साथ ही, नियमों के उल्लंघन पर जुर्माने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी।
सोमवार को नगर स्वास्थ्य अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि मंसूरी कॉलोनी में तीन प्लॉट मालिकों की पहचान कर ली गई है। उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कार्रवाई की चेतावनी के बाद प्लॉट मालिकों ने अपने खाली प्लॉटों की चारदीवारी का निर्माण शुरू करा दिया है।
नगर निगम की सख्ती से बदलेगी तस्वीर
नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक की इस पहल का उद्देश्य शहर के खाली प्लॉटों में कूड़ा जमा होने और उसे जलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना है। चारदीवारी होने से प्लॉटों में अनधिकृत रूप से कूड़ा फेंकने की समस्या कम करने में मदद मिल सकती है। नगर निगम की सख्ती से प्लॉट मालिकों में भी अपनी संपत्ति के रखरखाव और आसपास स्वच्छता बनाए रखने को लेकर जिम्मेदारी का संदेश गया है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम के साथ नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है।
