Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पार्थ भुट ने रणजी ट्रॉफी में रचा इतिहास, 17 रन देकर झटके 8 विकेट


रणजी ट्रॉफी में सौराष्ट्र के बाएं हाथ के स्पिनर पार्थ भुट ने अपनी फिरकी का ऐसा जादू दिखाया कि असम के बल्लेबाज एक के बाद एक पवेलियन लौटते चले गए। पार्थ ने महज 17 रन देकर आठ विकेट हासिल किए और इसके साथ ही सौराष्ट्र के लिए रणजी ट्रॉफी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का नया रिकॉर्ड बना दिया। उनकी घातक गेंदबाजी की बदौलत सौराष्ट्र ने असम को पारी से हराकर 7 पॉइंट अपने नाम कर लिए।

पार्थ भुट ने गुरुवार को असम के खिलाफ मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए सौराष्ट्र की जीत में अहम भूमिका निभाई। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने अपनी शानदार गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। उनकी गेंदबाजी के आगे असम की बल्लेबाजी को पूरी तरह बिखर गई। इस प्रदर्शन के साथ पार्थ ने सौराष्ट्र की ओर से रणजी ट्रॉफी की किसी एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

29 साल के पार्थ के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि वह लगातार दूसरे मैच में पांच विकेट लेने में सफल रहे हैं। इससे पहले कर्नाटक के खिलाफ पिछले मुकाबले की दूसरी पारी में भी उन्होंने पांच विकेट झटके थे। लगातार दो मैचों में शानदार गेंदबाजी करके पार्थ ने अपनी फॉर्म और काबिलियत का बेहतरीन नमूना पेश किया है।

गौरतलब है कि फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पार्थ भुट का प्रदर्शन लगातार बेहतर होता जा रहा है। अपने करियर के 25 मैचों में वह अब तक 9 बार एक पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं। असम के खिलाफ आठ विकेट का प्रदर्शन उनके करियर की यादगार उपलब्धियों में शामिल हो गया है।

पार्थ भुट सौराष्ट्र के लिए रणजी ट्रॉफी की एक पारी में आठ विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज भी बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा टीम के कप्तान जयदेव उनादकट ने किया था। उनादकट ने जनवरी 2023 में दिल्ली के खिलाफ 39 रन देकर आठ विकेट हासिल किए थे। अब पार्थ ने 17 रन देकर 8 विकेट लेते हुए इस सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है। उनके आंकड़े उनादकट से भी बेहतर रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |