प्रतापगढ़। जिले में गुम और खोए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने 147 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 23 लाख 52 हजार रुपये बताई गई है। सोमवार को पुलिस लाइन स्थित साईं कॉम्प्लेक्स में मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।
पुलिस ने मोबाइल फोन की बरामदगी में सीईआईआर (ब्म्प्त्) पोर्टल और सर्विलांस तकनीक की मदद ली। अभियान में जिले के विभिन्न थानों की साइबर टीमों और सर्विलांस सेल ने संयुक्त रूप से काम किया। बरामद मोबाइल में वीवो के 37, ओप्पो के 23, रियलमी के 20, सैमसंग के 18 और रेडमी के 17 फोन शामिल हैं। इसके अलावा मोटोरोला के छह, टेक्नो के सात, पोको के सात, वनप्लस के पांच, इनफिनिक्स के तीन, एप्पल के दो तथा आईटेल और लावा के एक-एक मोबाइल फोन बरामद किए गए।
सीईआईआर पोर्टल पर मोबाइल ट्रेसबिलिटी के आधार पर बरामदगी के मामले में प्रतापगढ़ पुलिस की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है। पुलिस के अनुसार, अप्रैल में जिले की रैंकिंग 40वीं थी, जो सितंबर में पांचवें स्थान पर पहुंच गई। सितंबर में पोर्टल पर जनरेट हुई ट्रेसबिलिटी के सापेक्ष 85 प्रतिशत मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से उसका आईएमईआई नंबर ब्लॉक कराने की अपील की है। इसके लिए भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के पोर्टल ूूू.बमपत.हवअ.पद या संचार साथी एप का इस्तेमाल किया जा सकता है। पुलिस ने लोगों को सिम कार्ड ब्लॉक कराने और बैंक खातों की सुरक्षा के लिए संबंधित बैंक को सूचना देने की भी सलाह दी है।
बरामदगी अभियान में सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अजित सिंह समेत जिले के विभिन्न थानों की साइबर टीमों और पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।
