Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

रुद्रपुर: शुद्धीकरण विवाद पर कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का हल्ला बोल


  • जोरदार प्रदर्शन के साथ राहुल गांधी का पुतला फूंका
  • भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया


रुद्रपुर । हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धीकरण को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को रुद्रपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोड़ा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और युवा कार्यकर्ताओं ने नैनीताल हाईवे स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंका और कांग्रेस पर मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाकर समाज को भ्रमित करने का आरोप लगाया।

भाजपा कार्यकर्ता मेट्रोपोलिस सिटी गेट के पास एकत्र हुए। यहां से कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के बाहर पहुंचे, जहां राहुल गांधी के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेस की कथित जनविरोधी नीतियों और समाज को बांटने वाली राजनीति के खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहेंगे।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में देश को धर्म और जाति के नाम पर बांटने का काम किया। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में वास्तव में देश का विकास किया होता तो भारत को लंबे समय तक दूसरे देशों के सामने मदद के लिए हाथ फैलाने की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। भाजपा ने हमेशा सबका साथ लेकर देश के विकास को प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक, सामरिक और तकनीकी सहित प्रत्येक क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।

विकास शर्मा ने कहा कि आज भारत की बढ़ती ताकत और विकास को दुनिया भी स्वीकार कर रही है। कठिन वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत अपनी विकास यात्र को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस नेता भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनौती देने या धमकी देने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि भाजपा का कार्यकर्ता किसी दबाव से पीछे हटने वाला नहीं है। पार्टी कार्यकर्ता हर चुनौती का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने के लिए तैयार हैं।

विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धीकरण को कांग्रेस की ओर से दलित समाज के अपमान का विषय बताकर देश को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज का अपमान करने की मंशा से कोई कार्य नहीं किया गया। कांग्रेस नेता एक ही आरोप को बार बार दोहराकर उसे सच साबित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता वास्तविकता को समझती है।

अरोड़ा ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े किसी आयोजन को राजनीतिक विवाद का रूप देना उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए समाज में भ्रम और विवाद पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सामाजिक समरसता और सभी वर्गों के सम्मान की भावना के साथ काम करती है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस के इस कथित राजनीतिक एजेंडे को स्वीकार नहीं करेगी और भाजपा कार्यकर्ता तथ्यों के साथ कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते रहेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि शुद्धीकरण के मामले को लेकर कांग्रेस जिस तरह से राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रही है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मत है कि समाज के सभी वर्गों का सम्मान होना चाहिए और किसी भी समुदाय के प्रति भेदभाव की भावना नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि राजनीतिक मुद्दों की कमी के कारण वह धार्मिक और सामाजिक विषयों को विवाद का रूप देकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।

जिंदल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के इस कथित झूठे प्रचार का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन जनता के बीच जाकर कांग्रेस के आरोपों की वास्तविकता सामने रखेगा और समाज में आपसी भाईचारा तथा सद्भाव बनाए रखने के लिए काम करता रहेगा।

प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता, धीरेंद्र मिश्रा, सुनील ठुकराल, अमित नारंग,  राजेश जग्गा, सुरेश कोली, मीना शर्मा, रश्मि रस्तौगी, अनिल चैहान, जिला महामंत्री तरुण दत्ता जी, उपेंद्र चैधरी, अमन वर्मा, विपिन सिंह चैहान, अक्षय गहलोत, मोर सिंह यादव, अंकित, रचित सिंह, जीतेन्द्र संधू, प्रीत ग्रोवर, राजेश जग्गा, मोर सिंह, राधेश्याम शर्मा,, बिट्टðू चैहान, मनीष गोस्वामी सहित सैकड़ों भाजपाई थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |