अमेठीः पीडीए जनसंवाद में सरकार पर बरसे सपा विधायक! कहा- प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल
September 17, 2026
अमेठी। गुरुवार को अमेठी के एक निजी होटल में समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जनसंवाद कार्यक्रम के तहत लोधी-वर्मा समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिकोहाबाद विधायक एवं मुख्य अतिथि मुकेश लोधी ने कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम में पीडीए संगठन से जुड़े कार्यकर्ता और लोधी-वर्मा समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।विधायक मुकेश लोधी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल है। किसान, मजदूर और छात्र परेशान हैं। उन्होंने कहा कि समाज का हर पीड़ित व्यक्ति समाजवादी पार्टी के साथ खड़ा है। सपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है और पार्टी में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता है। सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में अमेठी जिले की चारों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल कर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को जीत का उपहार दिया जाएगा। जिला महासचिव डॉ. अरशद अहमद ने कहा कि देश और प्रदेश में आर्थिक असमानता बढ़ रही है। गरीब लगातार गरीब होता जा रहा है, जबकि अमीर और अधिक अमीर होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों की समस्याओं को उठाने की जरूरत है। जिला प्रवक्ता राजेश मिश्रा ने बिजली और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गांवों में दो घंटे भी बिजली की आपूर्ति नहीं हो रही है। तहसील और थानों में दलालों का अड्डा बन गया है। उन्होंने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि आम लोगों को सरकारी काम कराने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
