मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज में हुआ सजीव प्रसारण
अमेठी। भगवान विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लखनऊ से आयोजित विश्वकर्मा स्वरोजगार एवं स्वदेशी मेला-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 पर आधारित प्रदर्शनी एवं मार्जिन मनी ऋण पोर्टल का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश के विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं टूलकिट भी वितरित किए। कार्यक्रम का जनपद अमेठी में जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज में सजीव प्रसारण किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, लाभार्थियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने कार्यक्रम को देखा और सुना। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य पारंपरिक कारीगरों, शिल्पकारों एवं मेहनतकश वर्ग को आधुनिक संसाधनों, प्रशिक्षण एवं वित्तीय सहायता से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल और श्रम के प्रतीक हैं तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर सरकार युवाओं और पारंपरिक कारीगरों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान एवं अन्य स्वरोजगार योजनाएं युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाला बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना पारंपरिक कारीगरों के लिए एक वरदान साबित हो रही है, जिसके माध्यम से उन्हें आधुनिक टूलकिट, प्रशिक्षण एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इससे उनके कार्य की गुणवत्ता बढ़ने के साथ-साथ आय में भी वृद्धि हो रही है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की परिकल्पना तेजी से साकार हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं, कारीगरों, महिला उद्यमियों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों को आगे बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ लेकर हजारों लोग अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। कार्यक्रम के उपरांत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता प्रदान की गई। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत दर्जी ट्रेड के 10 लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए गए। वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के 5 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति हेतु प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त श्रम विभाग में पंजीकृत 10 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने लाभार्थियों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) राम अवतार मीना, संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी तथा बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित रहे।
