अमेठीः सीआरपीएफ त्रिसुंडी केंद्र का 19वां स्थापना दिवस
September 17, 2026
अमेठी। ग्रुप केंद्र, सीआरपीएफ त्रिसुण्डी, अमेठी का 19वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ 14 सितंबर 2026 को रक्तदान शिविर के आयोजन और सायंकाल वृक्षारोपण के साथ हुआ। मुख्य समारोह 15 सितंबर को आयोजित किया गया। इस दिन ग्रुप केंद्र परिसर में एक भव्य मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप महानिरीक्षक श्री मदन कुमार द्वारा किया गया। मेले में अधिकारियों एवं कार्मिकों के साथ-साथ उनके परिवार के सदस्यों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसी क्रम में शहीद स्मारक पर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके पश्चात क्वार्टर गार्ड पर मुख्य अतिथि श्री मदन कुमार, उप महानिरीक्षक, ग्रुप केंद्र अमेठी को गार्ड द्वारा सलामी दी गई। सलामी के बाद डीआईजी महोदय ने सैनिक सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बल के गौरवशाली इतिहास, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा में बल की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए सभी को पूर्ण समर्पण एवं निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया। स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर सायंकाल खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रात्रि में सभी के लिए सामूहिक भोज (बड़ा खाना) का आयोजन किया गया। सायंकाल में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। संपूर्ण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों में विशेष उत्साह एवं उल्लास का वातावरण रहा। समारोह का उद्देश्य बल के गौरवशाली इतिहास एवं परम्पराओं को स्मरण करते हुए अधिकारियों एवं कार्मिकों में एकता, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं संगठनात्मक भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
