बीसलपुर। बीसलपुर के ग्यासपुर मोहल्ला निवासी मैनाज बेगम ने ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बरेली के अपर पुलिस महानिदेशक को शिकायत भेजी है। विवाहिता ने दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
शिकायत के मुताबिक मैनाज बेगम का निकाह करीब सात वर्ष पहले क्योलड़िया थाना क्षेत्र के भौआ बाजार गांव निवासी अनीश अहमद के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद ससुराल पक्ष के लोग कथित रूप से अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे और मायके से 10 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। विवाहिता का कहना है कि मायके वालों ने किसी तरह तीन लाख रुपये की व्यवस्था कर ससुराल पक्ष को दिए, लेकिन इसके बाद भी कथित उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
शिकायत में मैनाज बेगम ने आरोप लगाया कि 13 सितंबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। उसका दावा है कि मारपीट में उसे काफी चोटें आईं।
विवाहिता के अनुसार उसने क्योलड़िया थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। अब उसने अपर पुलिस महानिदेशक को शिकायती पत्र भेजकर मामले में मुकदमा दर्ज कराने और कार्रवाई की मांग की है।
