बारिश के कारण रद्द हुआ पहला टेस्ट, तो बिगड़ जाएगा WTC फाइनल का पूरा समीकरण!
August 16, 2026
भारत और श्रीलंका के बीच 2 मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है. शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. पहले दिन भारत के बल्लेबाजों का जलवा रहा, खासकर देवदत्त पडिक्कल, जो शतक जड़कर नाबाद रहे. केएल राहुल ने भी 77 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन क्रैम्प की समस्या से जूझ रहे राहुल को मजबूरन रिटायर्ड हर्ट होकर लौटना पड़ा. पहले दिन बारिश ने 2 बार मैच रोका, 73 ओवरों का खेल हुआ. बारिश की वजह से दूसरा दिन भी प्रभावित रहा और मैच तय समय पर शुरू नहीं हो पाया. आने वाले दिनों में भी यहां बारिश की संभावना जताई गई है, ऐसे में अगर ये टेस्ट ड्रा होता है तो WTC 2027 फाइनल में भारत की राह कठिन हो जाएगी.
गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट का दूसरा दिन 9:45 पर शुरू होना था, कोशिश होनी थी कि 98 ओवरों का खेल हो. लेकिन रविवार को यहां सुबह से बारिश हो रही थी, करीब 10:30 बजे तक यहां बारिश होती रही. सिर्फ इतना ही नहीं, गॉल में सोमवार, मंगलवार और बुधवार को भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है. अगले तीनों दिन बारिश की संभावना 50 प्रतिशत से अधिक है. ऐसे में बहुत कम संभावना रह जाएगी कि टेस्ट का नतीजा निकले, जबकि अभी भारत मजबूत स्थिति में है और नहीं चाहेगा कि ये टेस्ट ड्रा हो.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र में भारत ने 9 टेस्ट खेले हैं, जिसमें से 4 जीते हैं और इतने ही हारे हैं. 1 मैच ड्रा पर समाप्त हुआ था. 52 पॉइंट्स और 48.15 जीत परसेंटेज के साथ टीम इंडिया WTC 2025-27 तालिका में पांचवें स्थान पर है.
अगर भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेला जा रहा पहला टेस्ट ड्रा हो जाता है तो दोनों टीमों को 4-4 पॉइंट्स मिल जाएंगे. टीम इंडिया की परसेंटेज 51.85 हो जाएगी, फाइनल में जाने की उम्मीदों को मजबूत करने के लिहाज से ये बड़ा झटका होगा. फिर भारत के इस चक्र में 8 मैच और रह जाएंगे, जिसमें से अगर 2 में भी हार मिली तो भारत की फाइनल में पहुंचने की उम्मीद लगभग खत्म हो जाएगी. बड़ी बात ये है कि भारत को 5 मैचों की टेस्ट सीरीज ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के साथ खेलना है.
