Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

वर्ल्ड एथलेटिक्स U20 चैंपियनशिप में बसंत मेघवाल ने रचा इतिहास


भारत के युवा एथलीटों ने वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में दो मेडल जीतकर देश का नाम रोशन कर दिया। राजस्थान के 19 साल के बसंत कुमार मेघवाल ने मेन्स हाई जंप में सिल्वर मेडल हासिल कर इतिहास रच दिया। वहीं शाहनवाज खान ने मेन्स लॉन्ग जंप में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। मेघवाल ने 2.21 मीटर की ऊंचाई पार कर सिल्वर मेडल जीता। इसके साथ ही वह वर्ल्ड अंडर-20 चैंपियनशिप में हाई जंप का मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए।

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती कस्बे अनूपगढ़ से आने वाले मेघवाल भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 2.21 मीटर की छलांग लगाई। अल्जीरिया के यूनेस अयाची ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि ग्रेट ब्रिटेन के ओटिस पूल को ब्रॉन्ज मेडल मिला। तीनों एथलीट 2.21 मीटर की ऊंचाई पार करने में सफल रहे, लेकिन 2.24 मीटर पर तीनों के सभी प्रयास असफल रहे। इसके बाद पिछली ऊंचाई को पार करने के प्रयासों की संख्या के आधार पर काउंटबैक नियम से मेडल का फैसला हुआ। अयाची ने 2.21 मीटर की ऊंचाई अपने पहले प्रयास में पार की। मेघवाल ने दूसरे और पूल ने तीसरे प्रयास में यह कामयाबी हासिल की, जिसके आधार पर मेडल की स्थिति तय हुई।

मेघवाल के बाद शाहनवाज खान ने लॉन्ग जंप में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत की मेडल संख्या को तीन तक पहुंचा दिया। 18 साल के शाहनवाज ने अपने तीसरे प्रयास में 7.84 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पर कब्जा किया। उनके 6 प्रयासों का क्रम 7.67 मीटर, 7.72 मीटर, 7.84 मीटर, 7.52 मीटर, 7.83 मीटर और 5.37 मीटर रहा।

फाइनल में भारत के एक और एथलीट आरसी जितिन अर्जुनन भी शामिल थे। वह 7.59 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ आठवें स्थान पर रहे। उन्होंने यह दूरी अपने पहले और चौथे प्रयास में हासिल की। इटली के डेनिएले इंजोली ने 7.97 मीटर की छलांग के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि ऑस्ट्रेलिया के मेसन मैकग्रोडर ने 7.96 मीटर की व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

भारत ने चैंपियनशिप में अपना पहला मेडल 7 अगस्त को हासिल किया था। भाला फेंक खिलाड़ी आशीष यादव ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल जीता था। आशीष वर्ल्ड अंडर-20 चैंपियनशिप के जैवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा के बाद सिर्फ दूसरे भारतीय बने।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |