Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

साई सुदर्शन की चोट बनी सरफराज के लिए मौका, श्रीलंका टेस्ट सीरीज में हो सकती है वापसी


टीम इंडिया चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही है। बल्लेबाज साई सुदर्शन चोट के कारण श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। ऐसे में उनके रिप्लेसमेंट को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, साई सुदर्शन की जगह सरफराज खान को टीम में शामिल किए जाने की संभावना है। सरफराज लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन अब उनकी किस्मत खुलती नजर आ रही है।

समाचार एजेंसी के मुताबिक, साई सुदर्शन के चोटिल होने के कारण आगामी टेस्ट सीरीज में उनकी जगह सरफराज खान के लेने की संभावना है। हालांकि, टीम में अंतिम बदलाव का फैसला BCCI की ओर से आधिकारिक रूप से किया जाएगा। BCCI के एक सूत्र ने ये जानकारी दी।

साई सुदर्शन फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस यानी COE में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। उन्होंने बल्लेबाजी और फील्डिंग की ड्रिल में हिस्सा लिया है, लेकिन माना जा रहा है कि वह पहले टेस्ट तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाएंगे।भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल में खेला जाना है। सुदर्शन टीम के साथ श्रीलंका भी नहीं गए हैं और उन्होंने कोलंबो में श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ 8 अगस्त से शुरू हुए तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच में भी हिस्सा नहीं लिया।

भारतीय टीम की परेशानी सिर्फ सुदर्शन तक सीमित नहीं है। कप्तान शुभमन गिल भी अभ्यास सत्र के दौरान दाहिने हाथ की रिंग फिंगर में चोट लगने के बाद मेडिकल निगरानी में हैं। BCCI ने बताया कि एहतियात के तौर पर गिल वॉर्म-अप मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरेंगे। गिल की गैरमौजूदगी में केएल राहुल टीम की कप्तानी कर रहे हैं। हालांकि, गिल की चोट कितनी गंभीर है और वह पहले टेस्ट तक पूरी तरह फिट हो पाएंगे या नहीं, इस पर फिलहाल मेडिकल टीम नजर बनाए हुए है।

भारतीय टीम को तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के रूप में भी बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज के दौरान लगी बाएं घुटने की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाने के कारण बुमराह को श्रीलंका सीरीज से बाहर कर दिया गया है। मेन्स सिलेक्शन कमेटी ने उनकी जगह आकिब नबी को टीम में शामिल किया है। इसके अलावा हर्षित राणा और नितीश कुमार रेड्डी भी चोट के कारण टीम का हिस्सा नहीं हैं। वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते पहले टेस्ट से बाहर हैं, जबकि आकाश दीप पीठ में स्ट्रेस रिएक्शन से उबर रहे हैं और अभी टीम के लिए उपलब्ध नहीं हैं।

श्रीलंका के खिलाफ यह सीरीज ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र का हिस्सा है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम फिलहाल WTC तालिका में पांचवें स्थान पर है। भारत ने 9 मैचों में चार जीत और चार हार दर्ज की हैं, जबकि उसका पॉइंट्स परसेंटेज 48.150 है। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज भारत के लिए बेहद अहम है। हालांकि, लगातार चोटों से जूझ रही टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती सही कॉम्बिनेशन तैयार करने की होगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |