Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं पर्व, प्रशासन ने की व्यापक तैयारियां।

सोनभद्र। आगामी ईद-ए-मिलाद (बारावफात), रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, पीस कमेटी के सदस्यों, गणमान्य नागरिकों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार हमारी साझा संस्कृति, सामाजिक एकता और भाईचारे के प्रतीक हैं। सोनभद्र में आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता की समृद्ध परंपरा रही है, जिसे बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी धर्मगुरुओं एवं नागरिकों से पर्वों को परंपरागत तरीके से शांति, संयम और उल्लास के साथ मनाने तथा समाज में सद्भाव का संदेश देने की अपील की।
ईद-ए-मिलाद के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों और धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा, ताकि पर्वों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी अपुष्ट सूचना अथवा अफवाह पर विश्वास न करें और भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें। यदि किसी सूचना से शांति एवं सौहार्द प्रभावित होने की आशंका हो तो उसकी जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।
बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों ने भी अपने सुझाव दिए तथा जनपद में शांति और भाईचारे की परंपरा को कायम रखते हुए पर्वों को सकुशल संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों को आगामी पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी विविधता ही हमारी सबसे बड़ी सामाजिक शक्ति है। सभी लोग एक-दूसरे की आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहारों को मिल-जुलकर मनाएं तथा सोनभद्र की शांति, सद्भाव और भाईचारे की पहचान को और मजबूत बनाएं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |