Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

असम की युवती की बेरहमी से हत्या, कमरे से मिला लहूलुहान शव


उत्तर प्रदेश के नोएडा के बरौला गांव स्थित बंसल मंदिर के पास एक पीजी में असम की 19 साल की युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवती का लहूलुहान शव उसी मकान की पहली मंजिल पर रहने वाले एक युवक के कमरे से बरामद हुआ। शव पर धारदार हथियार से कई वार किए जाने के निशान मिले हैं। वारदात के बाद आरोपी कमरे में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने मकान मालिक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी मूल रूप से बिहार के कटिहार का रहने वाला बताया जा रहा है।

मृतका की पहचान महक अहमद के रूप में हुई है। वह मूलरूप से असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली थी। महक 12वीं पास थी और करीब तीन सप्ताह पहले ही अपने माता-पिता को बिना बताए नोएडा आई थी। वह अपनी पुरानी सहेली संजना के साथ बरौला गांव स्थित पीजी में रह रही थी। संजना भी असम की रहने वाली है और उसकी उम्र 18 वर्ष है। वह अभी 12वीं की पढ़ाई पूरी नहीं कर सकी है।

पुलिस के मुताबिक दोनों युवतियां तीन मंजिला मकान की पहली मंजिल पर रहती थीं। इसी मंजिल पर बिहार के कटिहार निवासी रमन का कमरा भी था। बताया जा रहा है कि रमन बीटेक कर चुका है और पहले एक आईटी कंपनी में काम करता था। हालांकि मकान में रहने वाले कुछ लोगों ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से बेरोजगार था। पुलिस उसके रोजगार और पिछले कुछ दिनों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि 8 अगस्त की रात महक और उसकी सहेली संजना अपने कमरे के बाहर लॉबी में टहल रही थीं। इसी दौरान रमन अपने कमरे के बाहर बैठकर शराब पी रहा था। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। हालांकि विवाद किस बात को लेकर हुआ था और उसके बाद क्या हुआ, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इस घटनाक्रम को हत्या की वजह से जोड़कर जांच कर रही है। 9 अगस्त को संजना किसी काम से बाहर चली गई थी, जबकि महक कमरे में ही थी। कुछ समय बाद जब संजना वापस लौटी तो महक कमरे में नहीं मिली। उसने महक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद आ रहा था।

काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चला। इसी बीच कुछ घंटे बाद मकान में रहने वाले लोगों को रमन के कमरे से दुर्गंध आने लगी। कमरे पर ताला लगा हुआ था और रमन वहां मौजूद नहीं था। दुर्गंध बढ़ने पर किरायेदारों को शक हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी मकान मालिक सार्थक बंसल को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना देने की तैयारी की गई। 10 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे डायल-112 पर मामले की सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे का ताला खुलवाकर जब पुलिस अंदर दाखिल हुई तो वहां का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। कमरे के अंदर महक का शव पड़ा था।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने कमरे और आसपास के स्थानों की जांच की है। मृतका का मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा है। मोबाइल की कॉल डिटेल, चैट और अन्य गतिविधियों से पुलिस को घटना से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |