मुसाफिरखाना: हमारी खबर का हुआ असर! हरकत मे आया पीडब्ल्यूडी महकमा, पुलियों का लिया जायजा
August 25, 2026
मुसाफिरखाना/अमेठी। विधान केसरी में रामनगर उर्फ नया कोर्ट गांव के पास जाम पड़ी तीन क्रॉसिंग पुलियों और जलभराव की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद ग्रामीणों में एक बार फिर उम्मीद जगी है। खबर प्रकाशित होने के बाद पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी मौके पर पहुचकर पुलियों का जायजा लिया। ऐसे मे ग्रामीणों ने प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग से जल्द पुलियों की सफाई कराकर जलनिकासी व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है। गल्ला मंडी से दरौली जाने वाली सड़क पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा बनाई गई है।
रामनगर उर्फ नया कोर्ट गांव के आगे गांव और नेशनल हाईवे के बीच तीन क्रॉसिंग पुलिया बनाई गई हैं। ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय से तीनों पुलिया जाम पड़ी हैं, जिसके कारण बारिश और आसपास का पानी निकल नहीं पा रहा है। जलनिकासी बाधित होने से सड़क के आसपास तथा खेतों में गंदा पानी जमा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण मच्छरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गंदे पानी के लंबे समय तक जमा रहने से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। खेतों में पानी भरे रहने से फसलों को भी नुकसान पहुंचने की चिंता ग्रामीणों को सता रही है। समस्या को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलियों की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी विभाग से मौके का निरीक्षण कर जाम पड़ी पुलियों को तत्काल खुलवाने और जलनिकासी सुनिश्चित कराने की मांग की है। खबर प्रकाशित होने के बाद अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करेगा। ग्रामीणों का कहना है कि पुलियों की सफाई होने से जलभराव की समस्या दूर होगी और गांव के लोगों को गंदगी, मच्छरों तथा संभावित संक्रामक बीमारियों से राहत मिल सकेगी।

