गुरसहायगंज/ कन्नौज। सर्वाइकल कैंसर से बचाव एवं किशोरियों में मानव पेपिलोमा वायरस संक्रमण की रोकथाम के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद गुरसहायगंज के सभागार में बुधवार को सभासदों की जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में 13-14 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगवाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाने तथा अभिभावकों को प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की टीम का नेतृत्व जिला इम्यूनाइजेशन अधिकारी डॉक्टर जितेंद्र कुमार एवं तालग्राम के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर कुमारिल मैत्रेय ने किया। जिला इम्यूनाइजेशन अधिकारी ने सभासदों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (भ्च्ट) है और यह ऐसा कैंसर है, जिसकी रोकथाम टीकाकरण के माध्यम से की जा सकती है। भारत सरकार द्वारा 14 वर्ष की आयु की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है।
उन्होंने बताया कि सरकारी कार्यक्रम के अंतर्गत पात्र बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराई जा रही है। सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार 14 वर्ष की आयु की वे बालिकाएं पात्र हैं जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है, लेकिन अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं। अभियान की अवधि में 15 वर्ष की होने वाली पात्र बालिकाओं को भी निर्धारित अवधि में टीकाकरण का अवसर दिया गया है।
जिला इम्यूनाइजेशन अधिकारी डॉ जितेंद्र कुमार ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन पिछले कई वर्षों से उपलब्ध है, लेकिन इसकी पहुंच मुख्य रूप से निजी स्वास्थ्य क्षेत्र तक सीमित रही है। निजी क्षेत्र में इसकी लागत काफी अधिक होने के कारण प्रत्येक परिवार के लिए इसे लगवाना आसान नहीं था। सरकार द्वारा इसे निःशुल्क उपलब्ध कराने का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाना है।
उन्होंने सभासदों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों में अभिभावकों से संपर्क कर एचपीवी टीकाकरण के संबंध में सही जानकारी दें और बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टीकाकरण स्वैच्छिक है तथा अभिभावक/संरक्षक की सहमति अनिवार्य है।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अनिल पंडित ने कहा कि नगर पालिका द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से वार्डवार जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सभासदों की सक्रिय भागीदारी से अभिभावकों तक जानकारी पहुंचाई जाएगी तथा आवश्यकता के अनुसार जागरूकता एवं टीकाकरण कैंप आयोजित कराने में सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र बालिका जानकारी के अभाव में इस महत्वपूर्ण टीकाकरण से वंचित न रहे।
बैठक में सभासदों से अपील की गई कि वे अपने-अपने वार्ड में “एचपीवी टीकाकृसर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम” संदेश के साथ व्यापक जनजागरूकता पैदा करें और अभिभावकों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध निःशुल्क टीकाकरण सुविधा का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें।
बैठक के अंत में नगर पालिका एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सभासदों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की।
