ऑस्कर्स एकेडमी निकली 'नैना पगलू', शेयर किया 'ये जवानी है दीवानी' का सनसेट वाला सीन
August 30, 2026
कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जो हमेशा यादों के किसी कोने में बसे रहते हैं। रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण स्टारर 'ये जवानी है दीवानी' भी ऐसी ही फिल्मों में से एक है, जिसे रिलीज हुए 13 साल हो चुके हैं, लेकिन अब भी ये फिल्म और इसके किरदार दर्शकों के दिलों में बसे हैं। यूं तो इस फिल्म में कई शानदार और दिलचस्प सीन हैं, जो आज भी दर्शकों के पसंदीदा हैं, लेकिन क्या आप इस फिल्म के उस सीन के बारे में जानते हैं जो एकेडमी अवॉर्ड्स की भी फेवरेट है। जी हैं, अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी 'ये जवानी है दीवानी' के एक सीन को एकेडमी की तरफ से अचानक सराहना मिली है। ये वी सीन है, जिसमें दीपिका पादुकोण का किरदार 'नैना' और रणबीर कपूर का किरदार 'बनी' एक किले पर बैठे होते हैं और नैना, बनी को जिंदगी से जुड़ी एक खास और जरूरी मैसेज देती है।
द एकेडमी के ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल ने ‘ये जवानी है दीवानी’ के सबसे आइकॉनिक सीन का वीडियो शेयर किया है, जिसके बाद एक बार फिर ये किरदार सुर्खियों में आ गया है। इस सीन में नैना और बनी राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के किले की छत में बैठे हैं। नैना नीले और सफेद सूट और गुलाबी दुपट्टे में नजर आ रही है और बनी सफेद शर्ट में। वीडियो शेयर करते हुए एकेडमी ने कैप्शन में लिखा- 'नैना की तरफ से एक रिमाइंडर- 'जो आपके ठीक सामने है, उसका आनंद लें।'
वीडियो में नैना और बनी को किले की छत पर बैठकर सनसेट का आनंद लेते देखा जा सकता है। बनी, नैना से कहता है- 'और अगर हमें बाद में पता चला कि वो लाइट और साउंड शो, सॉलिड डांस शो निकला तो?' जवाब में नैना कहती है- 'वो तो होगा ही धांसू... लेकिन अगर हम चले गए तो ये सॉलिड सनसेट मिस हो जाएगा न? कितना भी कोशिश करो बनी, लाइफ में कुछ न कुछ तो छूटेगा ही। तो जहां हैं, वहीं का मजा लेते हैं न।'
जैसे ही एकेडमी ने 'ये जवानी है दीवानी' का ये वीडियो शेयर किया, फैंस भी इस पर रिएक्ट किए बिना नहीं रह पाए। एक सोशल मीडिया यूजर ने कमेंट में लिखा- 'एकेडमी भी नैना पगलू निकली, ये मेरा भी फेवरेट है।' वहीं एक अन्य ने लिखा- 'ये सिर्फ एक डायलॉग नहीं है, इसका बहुत ही गहरा अर्थ है और इसलिए ये हमेशा याद रखा जाएगा।' एक और यूजर लिखता है- 'अकादमी भी एक नानी पगलू है।' एक ने लिखा- 'क्या सच में एकेडमी ने ये जवानी है दीवानी का ये सीन शेयर किया है, कहीं मैं सपना तो नहीं देख रहा?'
वर्कफ्रंट की बात करें तो दीपिका पादुकोण अब शाहरुख खान के साथ 'किंग' और अल्लू अर्जुन के साथ 'राका' में नजर आएंगी। दीपिका ने प्रेग्नेंसी में 'किंग' की शूटिंग की, जिसकी कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ चुकी हैं। वहीं रणबीर कपूर इन दिनों अपनी फिल्म 'लव एंड वॉर' की शूटिंग में व्यस्त हैं। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर के साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल भी मुख्य भूमिका में होंगे। इसके अलावा इस दिवाली पर नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' रिलीज होगी, जिसमें रणबीर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी। सुपरस्टार यश इस मोस्ट अवेटेड फिल्म में रावण की भूमिका में नजर आने वाले हैं।
