लखनऊ। हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भाजपा लखनऊ महानगर ने राष्ट्रभक्ति का माहौल बनाने के लिए महानगर के विभिन्न मंडलों में तिरंगा यात्रा और बाइक रैली का आयोजन किया। भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने विधिक प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित बाइक रैली में सहभागिता की। इसके बाद उन्होंने सरोजनीनगर विधानसभा के मंडल-दो में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
भाजपा लखनऊ महानगर आनंद द्विवेदी ने कहा कि अब तक भाजपा लखनऊ महानगर के 12 मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली जा चुकी वही कल शेष 13 मंडलों में आयोजित किया जाएगा। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अपील पर देशभर में लोग उत्साह के साथ तिरंगा अपने घरों पर फहरा रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता भी प्रत्येक परिवार को इस अभियान से जोड़ने के लिए पूरी ताकत से जुटे हैं।
भाजपा महानगर के मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि मंगलवार को महानगर के विभिन्न मंडलों में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्राएं आयोजित की गईं। पश्चिम मंडल-एक में अन्नपूर्णा मंदिर से राम जानकी मंदिर तक तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें अंजनी श्रीवास्तव अतिथि रहे।
उत्तर मंडल-दो में डॉ. नीरज बोरा के पुरनिया स्थित कार्यालय से देवकी हॉस्पिटल होते हुए पुनः पुरनिया कार्यालय तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल एवं टिंकू सोनकर सम्मिलित हुए। उत्तर मंडल-पांच में इंजीनियरिंग कॉलेज चैराहा से पुरनिया चैराहा तक तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें राहुल राज रस्तोगी ने सहभागिता की।
पूर्व मंडल-पांच में चिनहट तिराहा से एल्डिको तिराहा तक तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें विधायक योगेश शुक्ला अतिथि रहे। मध्य मंडल-तीन में पार्षद नरेंद्र शर्मा के कार्यालय से सुभाष मार्ग तक तिरंगा यात्रा आयोजित की गई, जिसमें रजनीश कुमार गुप्ता शामिल हुए। वहीं कैंट मंडल-दो में श्रृंगार नगर चैराहा से आलमबाग चैराहा तक तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें रामचंद्र प्रधान ने सहभागिता की।
