गाजीपुर कुंडा और मंगतपुर जार कल्लिया पहुंचकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की, परिजनों को धैर्य और साहस बनाए रखने का दिया संदेश
पीलीभीत। बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने शनिवार को क्षेत्र के दो शोक संतप्त परिवारों के घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
सबसे पहले स्वामी प्रवक्तानंद महाराज विकासखंड बरखेड़ा के ग्राम गाजीपुर कुंडा पहुंचे, जहां भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव के पिता स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण श्रीवास्तव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर दिवंगत के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि माता-पिता का साया जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होता है और उनका बिछड़ना अपूरणीय क्षति है। ऐसे कठिन समय में पूरे समाज को दुखी परिवार के साथ खड़ा रहना चाहिए। इसके उपरांत स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ग्राम मंगतपुर जार कल्लिया पहुंचे, जहां कुछ दिन पूर्व विद्युत करंट की चपेट में आने से असामयिक निधन का शिकार हुए भीमसेन लोधी के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत के पुत्र मोतीराम लोधी, भाई मेवाराम लोधी, उनकी धर्मपत्नी एवं अन्य परिजनों को ढांढस बंधाया तथा उनके दुख में सहभागी बनते हुए संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसी दुखद घटनाएं पूरे समाज को झकझोर देती हैं और इस कठिन घड़ी में परिवार को सामाजिक सहयोग एवं आत्मबल की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने कहा कि जीवन और मृत्यु ईश्वर के हाथ में हैं, लेकिन अपने प्रियजन के चले जाने का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने दोनों दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करें। उन्होंने उपस्थित लोगों से भी आग्रह किया कि वे दुख की इस घड़ी में दोनों परिवारों के साथ खड़े रहें और उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकजुटता और पारस्परिक सहयोग ही ऐसे कठिन समय में परिवारों को मानसिक संबल प्रदान करता है। शोक संवेदना व्यक्त करने के दौरान बालक राम वर्मा, चंद्रपाल वर्मा, युगल वर्मा और माखनलाल लोधी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण भी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
