Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

दिल्ली से लेकर यूपी-बिहार और हिमाचल तक भारी बारिश की चेतावनी, केरल में रेड अलर्ट


दिल्ली समेत देश के राज्यों में बारिश की गतिविधियां पिछले 24 घंटे से जारी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश जारी रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, केरल, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में तेज़ बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अनुमान लगाया है। साथ ही, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिन के दौरान दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, केरल, माहे, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। IMD ने आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आंधी-तूफान की स्थिति का भी अनुमान लगाया है। आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे, लक्षद्वीप और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी इसी तरह के मौसम की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने बताया कि 5 से 6 अगस्त के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और पंजाब में झमाझम बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 5-10 अगस्त के दौरान तेज बारिश होने की संभावना है। बिहार, झारखंड में 8 अगस्त तक बारिश जारी रहेगी। ओडिशा में 5-6 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की भी संभावना है।

केरल में अगले 24 घंटों के दौरान आठ जिलों में बारिश की चेतावनी दी गई है। अलर्ट के अनुसार, पथानामथिट्टा, इडुक्की, कोट्टायम, एर्नाकुलम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड ज़िले रेड अलर्ट पर हैं, जहां अगले 24 घंटों के दौरान 204 मिमी से ज़्यादा बारिश होने की संभावना है, जबकि मलप्पुरम, पलक्कड़, त्रिशूर और अलाप्पुझा के लिए दिन भर भारी बारिश की चेतावनी वाला ऑरेंज अलर्ट बरकरार रखा गया है।

पिछले दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश से केरल, ओडिशा, असम, गुजरात समेत देश के कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात हैं। केरल में एक अगस्त से जारी मूसलाधार बारिश से संबंधित घटनाओं में 25 लोगों की मौत हो गयी जबकि चार लोग लापता बताये जा रहे और 10 अन्य लोग घायल हुए हैं। चार अगस्त के बीच 52 मकान पूरी तरह तबाह हो गए, जबकि 565 घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। भारी बारिश के कारण हजारों लोगों को राहत शिविरों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है। बाढ़ के कारण रेल परिचालन पर भी असर पड़ा है।

ओडिशा में भी कई इलाके अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं। जबकि आज एक बार फिर से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जाजपुर, भद्रक और जगतसिंहपुर जिलों के अनेक गांवों से बाढ़ का पानी अब तक नहीं उतरा है। इसके कारण बड़ी संख्या में लोग अभी भी राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। वहीं, गुजरात के भी कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |