राजीव गांधी जयंती: भावुक हुए राहुल गांधी, कहा- पापा... आपकी ये सीख मेरी शक्ति है और आपकी यादें मेरी हिम्मत
August 20, 2026
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की गुरुवार को 82वीं जयंती है. इस मौके पर कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य पार्टी नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. वीर भूमि पहुंचकर राजीव गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित किए.
पिता की जयंती पर राहुल गांधी भावुक नजर आए. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'भारतीय के बीच सद्भावना, हर दिल में करुणा और हर नागरिक को न्याय और लोकतंत्र में समान अधिकार..पापा, आपकी ये सीख मेरी शक्ति है और आपकी यादें मेरी हिम्मत. आपके सपनों का भारत बनाने का संकल्प हमेशा मेरा मार्गदर्शन करता रहेगा.'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए लिखा, 'उन्होंने लाखों लोगों में उम्मीद दी और भारत को 21वीं सदी की संभावनाओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.'
कांग्रेस पार्टी ने अपने ऑफिशियल अकाउंट से पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'सीपीपी चेयरपर्सन सोनिया गांधी जी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की. वे एक दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने आधुनिक और प्रगतिशील भारत का सपना देखा और इसके तकनीकी बदलाव की नींव रखी. उनकी दूरदर्शी सोच आज भी भारत की आगे बढ़ने की यात्रा को प्रेरित करती है.'
20 अगस्त को हर साल राजीव गांधी की जयंती के मौके पर सद्भावना दिवस मनाया जाता है. यह दिन पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती से जुड़ा है. इसका उद्देश्य देश में राष्ट्रीय एकता, सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने के लिए है. इसकी शुरुआत साल 1992 में हुई थी. इस दिन लोगों को जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊफर उठकर सद्भावना बनाए रखने का संदेश दिया जाता है. राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को हुआ था. इस मौके पर सरकारी संस्थानों और अन्य जगहों पर सद्भावना प्रतिज्ञा भी दिलाई जाती है.
