Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः श्रावण माह के पहले सोमवार को बाबा घुइसरनाथ धाम में उमड़े श्रद्धालु


लालगंज/प्रतापगढ़। श्रावण माह के पहले सोमवार को बाबा घुइसरनाथ धाम में शिव भक्तों का सैलाब उमड़ा दिखा। भोर में मंदिर का पट खुलते ही भक्तों के जलाभिषेक एवं दर्शन पूजन का सिलसिला देर शाम तक जारी दिखा। बड़ी संख्या में महिलाओं तथा बच्चों व बुजुर्गो ने देवाधिदेव महादेव का दर्शन पूजन कर मत्था टेका। युवा श्रद्धालुओं को भी बोल बम के जयघोष के बीच कांवड़ लेकर बाबा के जलाभिषेक में मगन देखा गया। पहले सोमवार को बाबा धाम में प्रशासनिक व्यवस्था भी दुरूस्त देखी गयी। एसडीएम व सीओ को स्वयं भारी फोर्स व प्रशासनिक अमले के साथ धाम मे व्यवस्था को लेकर मशक्कत में देखा गया। वहीं शाम की बेला में बाबा घुइसरनाथ जी का भव्य श्रृंगार भक्त निहारते दिखे। पौराणिक स्थली बाबा घुइसरनाथ धाम में रविवार की देर रात कांवड़िया श्रद्धालुओं का जमघट हो उठा। पट खुलते ही कांवड़िया श्रद्धालुओं के साथ पंक्ति में काफी देर से लगे भक्त बाबा का दर्शन पाने को लालायित हो उठे। हर हर महादेव तथा बोल बम के जयघोष के बीच भक्तों ने बाबा का दूध, दही, गंगा जल का अभिषेक किया। वहीं बाबा को बेल पत्र, फल व मिठाई तथा पंचभोग भी लगाया। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में भगवान तिरूपति बाला जी महराज का भी दर्शन पूजन किया। श्रीराम दरबार व भगवान विष्णु लक्ष्मी तथा हनुमान जी महराज के साथ भगवान श्रीगणेश के भी मन्दिरों में श्रद्धालुओं की आस्था वेग में दिखी। सई नदी तट के साथ गंगा सागर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान व दान भी किया। सई घाट पर रस्सी के साथ स्थानीय गोताखोरो को नाव पर मुस्तैद देखा गया। अस्थायी चिकित्सालय में भी पैरामेडिकल स्टाफ की टीम सक्रिय दिखी। एसडीएम वाचस्पति सिंह, सीओ राजीव द्विवेदी, नायब तहसीलदार वीरेन्द्र कुमार मिश्र प्रशासनिक शिविर में व्यवस्थाओ की निगरानी में जुटे दिखे। सांगीपुर एसओ गौरव त्रिवेदी भी पुलिस व पीएसी के जवानों के साथ मेला क्षेत्र में भ्रमणशील दिखे। महिला पुलिस विंग भी महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा व देखरेख में जुटी दिखी। देर शाम बाबा का फूलों से भव्य श्रृंगार हुआ। वहीं रोशनी से नहाए मंदिर परिसर की भी आकर्षक छटा भक्त निहारते दिखे। पुलिस प्रशासन ने मेला क्षेत्र में कई जगह वैरीकेटिंग के जरिए वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित कर रखा था। सई पुल व पैदल सेतु पर भी खाकी की निगरानी देखी गयी। भक्तों का ग्लैमर सबसे ज्यादा सई के मध्य विराजे भगवान शिव की प्रतिमा स्थली पर दिखा। यहां सेल्फी मे भी भक्तों को आनंदित देखा गया। मंदिर के महंत मयंक भाल गिरि भी मुख्य मंदिर परिसर में सहयोगियों के साथ सुगम दर्शन के प्रबन्ध में सक्रिय दिखे। सामाजिक कार्यकर्ता प्रियम मिश्र पहले सोमवार को धाम में वस्त्र दान करते दिखे। वहीं मानिकपुर के गंगा तट से कांवड़िया श्रद्धालुओ को क्षेत्र के रामपुर बावली, रायपुर तियांई, वर्मा नगर, अमावां, लालगंज से बाबा धाम पहुंचते देखा गया। इन मार्गो पर भी शिव भक्तों की सुरक्षा की दृष्टि से जगह जगह पुलिस पिकेट की तैनाती देखी गयी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |