प्रतापगढ/बाबागंज। सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार की शिकायत होने पर जिस सड़क की विधायक ने जांच करके सम्बंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सड़क निर्माण में सुधार करने का आदेश दिया था अब उसी सड़क पर बने पुल की रेलिंग में घटिया निर्माण होने से दरार आ गई है।
बाबागंज ब्लाक में हीरागंज-बिहार मार्ग से वाया माघी, महेवामलकिया गांव होते हुए झींगुर तिराहा तक लाखों रुपए की लागत से सड़क का निर्माण हुआ है। निर्माण के समय क्षेत्रीय विधायक विनोद सरोज को शिकायत मिली थी कि सड़क निर्माण में ठेकेदार और सम्बंधित अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया निर्माण सामाग्री का प्रयोग किया जा रहा है। शिकायत को संज्ञान में लेकर विधायक ने मौके पर जाकर सड़क की गुणवत्ता की जांच की तो उन्होंने मामलें को सत्य पाया तथा मौके पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बुलाकर जमकर फटकार लगाई थी और ठेकेदार से लेकर संबंधित अधिकारियों को सड़क को मानक के अनुरूप निर्माण कराने का निर्देश दिया था। विधायक की जांच के बाद विभाग में हड़कंप मच गया था लेकिन विधायक द्वारा जांच करने के बाद भी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों द्वारा सड़क निर्माण से लेकर नाली और पुल निर्माण में जमकर धांधली और अनियमितता बरती गई। निर्माण में भ्रष्टाचार के कारण ठेकेदार द्वारा बनवाए गए रायगढ़ ग्राम सभा के पास शेखौनी गांव के करीब बने पुल के रेलिंग में दरार आ गई है और पुल का कुछ हिस्सा भी टूटकर गिर गया है। बताया जाता है कि पुल निर्माण में घटिया ईट के साथ अन्य घटिया निर्माण सामाग्री का प्रयोग किया गया है। जिसकी निष्पक्ष जांच कराने पर भ्रष्टाचार की कलई खुल सकती है। इस संबंध में विधायक विनोद सरोज का कहना है कि ठेकेदार एवं अधिकारियों से बात करके घटिया निर्माण में सुधार कराया जाएगा।
