माफिया अतीक के गुर्गे से परेशान सीतापुर के कई परिवार, जबरन खाली करा रहा घर
August 16, 2026
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने माफिया डॉन अतीक अहमद के गुर्गे माफिया मुजीब अहमद और उसके गुर्गों पर जबरन मकानों और दुकानों पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने खुले मंच से माफिया मुजीब अहमद और उसके गुर्गे खलील पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। शनिवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने चौपाल लगाकर मंत्री राकेश राठौर गुरु से न्याय दिलाने की गुहार लगाई। मुस्लिम समुदाय की समस्या को सुनते हुए मंत्री राकेश राठौर गुरु ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
माफिया मुजीब अहमद का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह सामने खड़े एक शख्स को धमकाता हुआ नजर आ रहा है। वहीं, इस पूरे मामले को लेकर ग्राम प्रधान बदरुद्दीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश के न्याय प्रिय मुख्यमंत्री का कहना है कि उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त हो गया है, लेकिन सीतापुर अभी माफिया मुक्त नहीं हुआ है।
मामला कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के कचनार का है। यह मामला पिछले चार पांच दिनों से लगातार चल रहा है, लेकिन न तो अभी तक जिला प्रशासन ने हो कोई कदम उठाया है और न ही पुलिस ने किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई माफिया डॉन अतीक अहमद के गुर्गे मुजीब अहमद पर की है। प्रशासन की इस कार्यशैली से कचनार के वाशिंदे डर और दहशत के साये में जीने को विवश है।
इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के कचनार स्थित गाटा संख्या 1123 राजा महमूदाबाद की जमीन हुआ करती थी। बताया जाता है कि यह जमीन राजा महमूदाबाद ने हाजी मियां नाम के शख्स को दान में दे दी थी। इसके बाद लोगों ने हाजी मियां से नोटरी करते हुए जमीन खरीद ली। इस पर आज करीब तीन सौ मकान बने हुए हैं, जिसमें लोग पिछले 30 से 40 सालों से रहते चले आ रहे हैं। पिछले चार पांच दिनों से कुछ दबंग लोग उसी जमीन को अपना बताते हुए अवैध रूप से मकानों और दुकानों पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इसे लेकर कचनार गांव में पिछले 4-5 दिनों से तनाव का माहौल है। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने माफिया डॉन अतीक अहमद के करीबी बताए जाने वाले मुजीब अहमद और उसके साथी खलील पर खुलेआम कब्जा करने का आरोप लगाया है। इस बीच माफिया मुजीब अहमद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वह एक व्यक्ति के सामने खड़े होकर उसे धमकाते हुए नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद गांव में डर का माहौल और गहरा गया है।
