Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘‘नन्दी’’ ने पुलिस लाइन में किया ध्वजारोहण! युवा शक्ति केवल सोशल मीडिया की नहीं, राष्ट्र निर्माण की शक्ति बने-कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’


प्रतापगढ। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने पुलिस लाइन में विधिवत ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के उपरान्त उपस्थित जनसमूह द्वारा राष्ट्रगान का भावपूर्ण एवं सामूहिक गायन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी डा0 राममोहन मीना, अपर जिलाधिकारी (वि0ध्रा0) आदित्य प्रजापति, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी, ज्वाइन्ट मजिस्ट्रेटध्उपजिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा, पुलिस अधीक्षक पश्चिमी वृजनन्दन राय व आलोक कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवब्रत सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेन्द्र कुमार मौर्य, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकान्त दर्वे, जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारीगण, गणमान्य नागरिक, शिक्षक, छात्र-छात्राये, जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे। 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शान्ति निकेतन विद्यालय नगर क्षेत्र, कम्पोजिट विद्यालय बलीपुर नगर क्षेत्र, उच्च प्राथमिक विद्यालय तुलसी का पुरवा, संस्कार ग्लोबल स्कूल टेऊंगा, पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय ताजपुर कुण्डा, राजकीय बालिका इण्टर कालेज प्रतापगढ़, बी0एस0एस0 एकेडमी फुलवरिया, प्राथमिक विद्यालय जयसिंहगढ़ तथा साकेत गर्ल्स इण्टर कालेजध्वाओ एजुकेशन चैरा के छात्र-छात्राओ ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों व जनसामान्य को नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ भी दिलायी गयी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय ताजपुर कुण्डा को 50 हजार, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालय बीएसएस एकेडमी फुलवरिया व संस्कार ग्लोबल स्कूल टेऊंगा को 25-25 हजार व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले उच्च प्राथमिक विद्यालय तुलसी का पुरवा को 10 हजार के डेमो चेक का वितरण किया गया। इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अन्य प्रतिभाग करने वाले विद्यालयो को 10-10 हजार के डेमो का वितरण किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने जनप्रतिनिधियों, सम्मानित अतिथियों, मातृशक्ति, युवाओं, पुलिस जवानों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त महज कैलेंडर की एक तारीख नहीं, बल्कि देश के गौरव, संघर्ष, त्याग और बलिदान का ऐतिहासिक पर्व है। यह वह दिन है, जब सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण के सपने की बुनियाद रखी गई। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के साथ ही भारत ने अपने गौरवशाली अतीत, समृद्ध संस्कृति और वैभवशाली विरासत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया। आज पूरा देश राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक तिरंगे को नमन कर रहा है। ऐसे अवसर पर हमें अपने पूर्वजों और महापुरुषों के बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ही राष्ट्र निर्माण के संकल्पों को अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत आज ऐसे दौर में प्रवेश कर चुका है, जहां पूरी दुनिया उसकी ओर उम्मीद और विश्वास से देख रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आत्मनिर्भरता, डिजिटल इंडिया, नवाचार, स्टार्टअप, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, इंफ्रास्ट्रक्चर और गरीब कल्याण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। भारत की सांस्कृतिक, आर्थिक, सामरिक और औद्योगिक प्रगति ने देश की नई पहचान स्थापित की है। नया भारत आधुनिकता को खुले मन से स्वीकार करने के साथ अपनी जड़ों, संस्कृति और विरासत से भी मजबूती से जुड़ा हुआ है।

उन्होने कहा कि 21वीं सदी युवाओं और विशेष रूप से जेन-जी की सदी है। नई पीढ़ी मोबाइल, इंटरनेट और आधुनिक तकनीक के युग में पली-बढ़ी है। वह नई तकनीक को तेजी से अपनाती है, सवाल पूछती है, नए विचार देती है और दुनिया को अपनी अलग दृष्टि से देखती है। उन्होंने कहा कि जेन-जी की सबसे बड़ी ताकत केवल उसकी तकनीकी क्षमता नहीं, बल्कि उसकी ऊर्जा, रचनात्मक सोच और कुछ नया करने का साहस है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति केवल सोशल मीडिया की शक्ति बनकर न रह जाए, बल्कि उसे राष्ट्र निर्माण की शक्ति बनना होगा। युवा रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। तकनीक का इस्तेमाल केवल रील बनाने के लिए नहीं, बल्कि शिक्षा, शोध, नवाचार और देशहित के कार्यों के लिए किया जाए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बच्चों और युवाओं को अपने अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों का भी बोध होना चाहिए। उन्हें स्वतंत्रता और स्वच्छंदता के बीच का अंतर समझना होगा। अभिव्यक्ति की आजादी के साथ अभिव्यक्ति की मर्यादा, संस्कार और अनुशासन के महत्व को समझना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के भविष्य को संस्कारित, अनुशासित और जिम्मेदार बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में अपनी नई पहचान बनाई है। प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर, एक्सप्रेस-वे, उद्योग, निवेश, कानून-व्यवस्था और डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश के सामने मिशन-2047 के तहत विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में उत्तर प्रदेश अपने सर्वोत्तम योगदान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नया भारत और नया उत्तर प्रदेश संभावनाओं, अवसरों और उपलब्धियों के एक्सप्रेस-वे पर तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा विकास और तरक्की के रनवे से ऊंची उड़ान भर रहा है। कार्यक्रम का संचालन डा0 मो0 अनीस व धर्मेन्द्र ओझा द्वारा किया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह का गरिमामय समापन वन्दे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |